गुरुवार को आम लोगों के लिए 5 घंटे बंद रहेगा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे, पढ़िए पूरी जानकारी

एनसीआर के लिए High Alert : गुरुवार को आम लोगों के लिए 5 घंटे बंद रहेगा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे, पढ़िए पूरी जानकारी

गुरुवार को आम लोगों के लिए 5 घंटे बंद रहेगा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे, पढ़िए पूरी जानकारी

Google Image | ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे

दिल्ली-एनसीआर के तमाम शहरों मैं रहने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की ट्रैक्टर रैली के चलते गुरुवार को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर आम लोगों की आवाजाही बंद रहेगी। गौतमबुद्ध नगर पुलिस के मुताबिक गुरुवार की दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पर रूट डायवर्जन रहेगा।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से किसानों की ट्रैक्टर यात्रा दुहाई (गाजियाबाद) से डासना, बील अकबरपुर, सिरसा (ग्रेटर नोएडा) होते हुए पलवल (हरियाणा) जाएगी। जिसके चलते दोपहर 12:00 बजे से शाम 3:00 बजे तक बील अकबरपुर और सिरसा कट से पलवल की तरफ वाहनों को एक्सप्रेसवे पर जाने की अनुमति नहीं होगी। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बताया कि इसी तरह शाम को किसानों की ट्रैक्टर यात्रा वापस लौटेगी। जिसके चलते दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक सिरसा और बील अकबरपुर कट से सोनीपत की तरफ जाने वाले वाहनों को एक्सप्रेस वे पर नहीं जाने दिया जाएगा।

ट्रैक्टर रैली को लेकर कमिश्नर ने ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का दौरा किया
कृषि कानून बिल के विरोध में गुरुवार को किसानों ने ट्रैक्टर रैली की घोषणा की है। किसानों की ट्रैक्टर रैली को लेकर बुधवार को गौतम बुध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का दौरा किया। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बील अकबरपुर टोल, सिरसा टोल व पलवल बार्डर का निरीक्षण किया व पुलिस के आला अधिकारियों को कानून व्यवस्था सम्बन्धि दिशा निर्देश दिये गये। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था लव कुमार, पुलिस उपायुक्त गेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह वह संबंधित थाने के पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

दो दिन पहले राकेश टिकैत ने ट्रैक्टर रैली की घोषणा की थी
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 2 दिन पहले गाजीपुर दिल्ली बॉर्डर से पलवल तक ट्रैक्टर रैली निकालने की घोषणा की थी। जिसके बाद दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के प्रशासन में हड़कंप मच गया था। राकेश टिकैत को मनाने के लिए गाजियाबाद के जिला अधिकारी अजय शंकर पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी तत्काल गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे थे। राकेश टिकैत को समझाने का प्रयास किया गया था। बताया था कि उनके इस मार्च से पूरे दिल्ली एनसीआर के लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस पर राकेश टिकैत ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि जब तक केंद्र सरकार उनकी बात नहीं मानती है, उन्हें आंदोलन करने का नैतिक अधिकार प्राप्त है। कुल मिलाकर अब गुरुवार को किसान गाजीपुर बॉर्डर से पलवल तक सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ रैली निकालेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.