ग्रेटर नोएडा जेल में उम्र कैद काट रहे बुजुर्ग बंदी की मौत, हत्या के लिए हुई थी सजा

BREAKING : ग्रेटर नोएडा जेल में उम्र कैद काट रहे बुजुर्ग बंदी की मौत, हत्या के लिए हुई थी सजा

ग्रेटर नोएडा जेल में उम्र कैद काट रहे बुजुर्ग बंदी की मौत, हत्या के लिए हुई थी सजा

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर जिला जेल

गौतमबुद्ध नगर जिला जेल में उम्र कैद काट रहे बुजुर्ग बंदी की मौत हो गई है। बीती रात अचानक बीमार पड़ने के कारण उन्हें पहले जेल के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण नोएडा जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। यह जानकारी गौतमबुद्ध नगर जिला जेल के सुपरिटेंडेंट विपिन मिश्रा ने दी है। जेल प्रशासन ने जिला न्यायाधीश, जिलाधिकारी और सजायाफ्ता बंदी के परिजनों को इस बारे में जानकारी दे दी है।

जेल सुपरिटेंडेंट विपिन मिश्रा ने बताया कि मुजफ्फरनगर के रहने वाले सजायाफ्ता बंदी मुनव्वर (63 वर्ष) की मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे तबीयत खराब हुई। उन्होंने सीने में दर्द, कंपकंपी और सांस लेने में परेशानी बताई। जिसके बाद उन्हें तत्काल जेल अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर होने पर नोएडा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुनव्वर को जेल वार्डर जगदीश और अशोक सिंह के साथ एंबुलेंस से नोएडा भेजा गया। जेल वार्डर जगदीश ने रात 12:50 बजे टेलीफोन से जानकारी दी कि मुनव्वर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है।

विपिन मिश्रा ने बताया कि मुनव्वर आजीवन कारावास के तहत गौतमबुद्ध नगर जिला जेल में रह रहे थे। उन्हें मुजफ्फरनगर के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने हत्या के एक मामले में दोषी करार दिया था। 24 जून 2018 को उन्हें मुजफ्फरनगर जिला जेल से यहां गौतमबुद्ध नगर शिफ्ट किया गया था। उनकी मौत के बारे में जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र लिख जानकारी दी गई है। न्यायिक जांच के लिए अधिकारी नियुक्त करने के लिए पत्र लिखा गया है। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शव का पोस्टमार्टम करने और विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए पत्र लिखा गया है। मुनव्वर की पत्नी और बेटे को फोन पर उनकी मौत के बारे में जानकारी दी गई है। पत्र भी भेजा गया है। आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर जिला जेल में पिछले एक महीने के दौरान यह तीसरे बंदी की मौत है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.