ग्रेटर नोएडा में चलेंगी इलेक्ट्रिक एसी बसें, औद्योगिक विकास मंत्री ने दी यह बड़ी जानकारी

BIG BREAKING : ग्रेटर नोएडा में चलेंगी इलेक्ट्रिक एसी बसें, औद्योगिक विकास मंत्री ने दी यह बड़ी जानकारी

ग्रेटर नोएडा में चलेंगी इलेक्ट्रिक एसी बसें, औद्योगिक विकास मंत्री ने दी यह बड़ी जानकारी

Tricity Today | गुरुवार को औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में समीक्षा बैठक करने पहुंचे। सीईओ सुरेंद्र सिंह ने पौधा भेंट कर स्वागत किया।

  • ग्रेटर नोएडा की समीक्षा करने आए औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने कई जानकारियां दी
  • उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा शहर में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें जल्दी चलाई जाएंगी
  • ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इससे शहर में प्रदूषण कम होगा
  • ग्रेटर नोएडा में सालभर प्रदूषण का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों से कहीं ज्यादा बुरा रहता है
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की समीक्षा करने आए उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने गुरुवार को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा शहर में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन बहुत जल्दी शुरू होने वाला है। राज्य सरकार यह बसें मुहैया करवाएगी। शहर में इनका रूट तैयार करवाया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इससे शहर में प्रदूषण कम होगा। सार्वजनिक यातायात सेवाओं में इलेक्ट्रिक बसों के आने से आम आदमी का इनके प्रति आकर्षण बढ़ेगा।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए शहर में बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शहर में इलेक्ट्रिक एसी बसें चलाई जाएंगी। इनके लिए अलग-अलग जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रमुख रूटों का जल्द ही अध्ययन कराया जाएगा। इससे ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण कम होगा अच्छी सार्वजनिक यातायात व्यवस्था मिलेगी तो लोग निजी वाहनों का उपयोग कम करेंगे। आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में सालभर प्रदूषण का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों से कहीं ज्यादा बुरा रहता है। इससे शहर के निवासियों की सेहत बिगड़ रही है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही हैं।

सीईओ ने मंत्री से की प्राधिकरण में खाली पड़े पदों को भरने की मांग
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ सुरेन्द्र सिंह ने औद्योगिक विकास मंत्री से प्राधिकरण में लीगल एडवाइजर तैनात करने की अपील की। जिससे प्राधिकरण अपने मुकदमों की बेहतर ढंग से पैरवी कर पाएगा। प्राधिकरण के विभागों को फैसले लेने में सहूलियत रहेगी। सीईओ ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सभी रिक्त पदों पर भर्ती करने की अपील की। प्राधिकरण में 250 से अधिक पद रिक्त हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों की कमी से प्राधिकरण के दैनिक कामकाज में बाधा आती है। विशेष योजनाओं को तेजी के साथ आगे बढ़ाना मुश्किल होता है। इस पर औद्योगिक विकास मंत्री ने जल्दी फैसला लेने का आश्वासन दिया है।

डिजिटलाइजेशन की सराहना की, बोले- ऐसी सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दें
औद्योगिक विकास मंत्री ने वन मैप ग्रेटर नोएडा का प्रस्तुतिकरण देखा। मंत्री ने प्राधिकरण के इस पहल की सराहना की। ग्रेटर नोएडा में ई-फाइल सिस्टम लागू है। सारी फाइलें आनलाइन स्वीकृति की जाती हैं। इससे फाइलों के डिस्पोजल में तेजी आई है। इससे पेपर और समय की बचत हुई है। ईआरपी के जरिए आवंटी 143 सेवाओं का लाभ खुद से ले सकेंगे। आधा दर्जन सेवाओं से इसकी शुरुआत हो चुकी है। मसलन नो ड्यूज सर्टिफिकेट को आवंटी खुद से प्रिंट कर सकता है। मंत्री ने बाकी सेवाओं को शीघ्र जोड़ने के निर्देश दिए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.