ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जमे रहे किसान, कई घंटे बाधित रहा यातायात, एनएच 24 पर गाडियों की लम्बी कतार

Farmers Protests : ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जमे रहे किसान, कई घंटे बाधित रहा यातायात, एनएच 24 पर गाडियों की लम्बी कतार

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जमे रहे किसान, कई घंटे बाधित रहा यातायात, एनएच 24 पर गाडियों की लम्बी कतार

Tricity Today | ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जमे रहे किसान

नए कृषि सुधार कानूनों को निरस्त करने की मांग पर अड़े किसानों ने गुरुवार को ट्रैक्टर मार्च निकाला। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी किसानों ने मार्च निकाला। किसान ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर 4-5 घंटे तक ट्रैक्टरों के भारी जत्थे के साथ डटे रहे। बाद में किसान सिरसा टोल प्लाजा से एक्सप्रेस वे पर चढ़े और फरीदाबाद की ओर रवाना हो गए। सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर कासना, दनकौर, रबूपुरा, जेवर और सिकंदराबाद आदि क्षेत्रों से पहुंचे थे।

किसानों की भारी भीड़ सिरसा टोल प्लाजा से एक्सप्रेस-वे होते हुए हरियाणा की तरफ निकल गए। प्रदर्शन में शामिल किसान नेताओं ने बताया कि प्रदर्शनकारी किसान फरीदाबाद से दिल्ली को जोड़ने वाली सीमा पर जमा होंगे। किसान वहां चल रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। इस दौरान किसान कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। किसानों ने कहा कि, जब तक तीनों कृषि सुधार कानून वापस नहीं होंगे, किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।

जीटी रोड पर रेंगते रहे वाहन
आंदोलनरत किसानों के ट्रैक्टर मार्च को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद जिला प्रशासन ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच-24 पर मार्गों में बदलाव कर दिया। इस वजह से सारे वाहन जीटी रोड की तरफ से निकलने लगे। इस वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

गुरुवार को सुबह 11:00 बजे से रूट डायवर्ट कर दिया गया था। इस वजह से दादरी से गाजियाबाद तक जीटी रोड पर दिन भर वाहनों का भारी दबाव रहा। सैकड़ों की संख्या में वाहन सड़क पर रेंगते दिखाई दिए। इससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक ट्रैफिक की स्थिति सामान्य हो सकी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.