ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पर धरना दे रहे किसानों को वार्ता के लिए बुलाया गया, विधायक ने शुरू की कोशिश

BIG BREAKING : ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पर धरना दे रहे किसानों को वार्ता के लिए बुलाया गया, विधायक ने शुरू की कोशिश

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पर धरना दे रहे किसानों को वार्ता के लिए बुलाया गया, विधायक ने शुरू की कोशिश

Tricity Today | Symbolic Image

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण (Greater Noida Authority) के बाहर धरना दे रहे किसानों से जुड़ी बड़ी खबर है। आंदोलनरत किसानों के 6 प्रतिनिधियों को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में वार्ता के लिए बुलाया गया है। अब से कुछ देर पहले किसान मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी (Ritu Maheshwari IAS) से वार्ता करने के लिए उनके कार्यालय में पहुंचे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर प्राधिकरण पहुंचे। विधायक ने सीईओ से बात की। इसके बाद किसानों को बुलाया गया है।

विधायक तेजपाल नागर चुपचाप अथॉरिटी पहुंचे
गुरुवार की देर शाम दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर चुपचाप ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पहुंचे। विधायक किसी अन्य व्यक्ति की कार से अथॉरिटी में दाखिल हुए। उन्होने मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी से मिलकर बात की। विधायक के साथ दो लोग और पहुंचे। विधायक ने सीईओ के सामने किसानों का धरना खत्म करवाने के लिए वार्ता का प्रस्ताव रखा। करीब आधा घंटा सीईओ और विधायक के बीच बातचीत हुई। इसके बाद तय किया गया कि धरना स्थल से किसानों के प्रतिनिधिमंडल को सीईओ के कार्यालय में बुलाया जाए। यह संदेश धरना स्थल पर पहुंचाया गया। विधायक के निवेदन पर छह किसान वार्ता करने के लिए तैयार हुए हैं। इनमें सुनील फौजी चिटहेरा, जगवीर नम्बरदार सादोपुर, राजेंद्र नागर खोदना, हरेंद्र खारी खैरपुर, संदीप भाटी थापखेड़ा और टीकम सिंह नियादपुर शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक वार्ता चल रही है।

इन मांगों को लेकर धरना दे रहे किसान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान पिछले 52 दिनों से जमीन के मुआवजे, लीजबैक, 10% भूखंड, भूमिहीन और अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने काफी किसानों को मुकदमे दर्ज करवाएं। इसके अलावा 33 किसानों को जेल भिजवा दिया है। जिसके बाद आंदोलन और भी ज्यादा उग्र हो गया है। किसानों का समर्थन करने के लिए वेस्ट यूपी के दिग्गज नेता ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर धरने पर पहुंच रहे। बताया जा रहा है कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव काफी जल्द किसानों की आवाज को उठाने ग्रेटर नोएडा आएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.