यमुना एक्सप्रेसवे के सभी लेन पर लगेगा फास्टैग, प्राधिकरण में बैठक में कई मुद्दों पर बनेगी सहमति

राहत : यमुना एक्सप्रेसवे के सभी लेन पर लगेगा फास्टैग, प्राधिकरण में बैठक में कई मुद्दों पर बनेगी सहमति

यमुना एक्सप्रेसवे के सभी लेन पर लगेगा फास्टैग, प्राधिकरण में बैठक में कई मुद्दों पर बनेगी सहमति

Google Image | यमुना एक्सप्रेसवे के सभी लेन पर लगेगा फास्टैग

Yamuna Expressway : यमुना एक्सप्रेसवे पर आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए इसके सभी लेन में फास्टैग लगाया जाएगा। दिसंबर तक जेवर, मथुरा और आगरा टोल प्लाजा पर फास्टैग की सुविधा लागू हो जाएगी। इससे लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर के रोजाना यात्रा करने वाले मुसाफिरों को सहूलियत मिलेगी। यमुना प्राधिकरण ने इस संबंध में आज बैठक बुलाई है। इसमें जेपी इंफ्राटेक और आईडीबीआई बैंक के अधिकारी शामिल होंगे। उसके बाद फास्टैग लागू करने की योजना पर सहमति बनेगी।

दरअसल यमुना एक्सप्रेसवे पर रोजाना लाखों वाहन गुजरते हैं। साथ ही इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इससे एक्सप्रेसवे के सभी टोल प्लाजा पर आए दिन जाम की समस्या होती है। वीकेंड पर हालात और गंभीर हो जाते हैं। प्राधिकरण ने इस समस्या को हल करने के लिए एक्सप्रेस वे की दोनों ओर की दो-दो लेन को फास्टैग कराया था। इसके बावजूद समस्या हल नहीं हो पाई। कई टोल प्लाजा पर फास्टैग लेन पर वाहनों की लंबी कतार लगती है। टोल बूथ पार करने में चालकों को घंटों लग जाता है। इसीलिए सभी लेन में फास्टैग लगाने की प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी की जाएगी।

शाम तक होगा तय
यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन कर रही जेपी इंफ्राटेक के दिवालिया घोषित होने की प्रक्रिया चल रही है। कंपनी का निदेशक मंडल भंग होने के कारण आइडीबीआइ बैंक के नेतृत्व में कंसोर्टियम इसकी देखरेख कर रहा है। फास्टैग लागू कराने के लिए यमुना प्राधिकरण ने मंगलवार को बैंक व जेपी इंफ्राटेक के अधिकारियों की बैठक बुलाई है।आज शाम तक इस बड़े मुद्दे पर फैसला लिया जाएगा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया, दिसंबर अंत तक एक्सप्रेस वे की सभी लेन को फास्टैग करने की योजना है। इससे वाहन चालक आसानी से भुगतान कर सकेंगे और उन्हें जाम से निजात मिलेगी।


टोल दरों में हुई थी बढ़ोतरी
यमुना एक्सप्रेस वे पर 25 सितंबर को टोल टैक्स बढ़ाया गया था। हालांकि दो पहिया व हल्के चार पहिया वाहनों को इस बढ़ोतरी से छूट मिली थी। बस व ट्रक के लिए यह दर बढ़ोतरी पांच पैसे प्रति किमी व इससे भारी वाहनों के लिए 15 पैसे प्रति किमी की गई। एक्सप्रेस वे पर सुविधाओं का अभाव देखते हुए प्राधिकरण ने 2015 से टोल दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी थी। लेकिन 71वीं बोर्ड बैठक में भारी वाहनों के लिए टोल दर बढ़ाने के प्रस्ताव पर स्वीकृति की मुहर लगाई गई थी।


नेशनल हाईवे पर स्थिति
देश भर में सभी राष्ट्रीय राजमार्गों की सभी लेन को फास्टैग किया जा चुका है। यमुना एक्सप्रेस वे को बिल्ट आपरेट एंड ट्रांसफर (बीओटी) के आधार बनाया गया है। इसका संचालन जेपी इंफ्राटेक कर रही है। उसे एक्सप्रेसवे पर 36 साल के लिए टोल वसूली का अधिकार है। मगर अब जेपी इंफ्राटेक के दिवालिया होने की कगार पर पहुंचने के बाद कंसोर्सियम इसकी देखरेख कर रही है। इसलिए उम्मीद है कि आज बैठक में दिसंबर तक सभी लेन पर फास्टैग लगाने को मंजूरी मिल जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.