प्यावली में महापंचायत करने वाले 200 लोगों पर एफआईआर, दादरी में होर्डिंग्स तोड़ने वालों पर 2 मुकदमे

सम्राट मिहिरभोज पर 'महाभारत' : प्यावली में महापंचायत करने वाले 200 लोगों पर एफआईआर, दादरी में होर्डिंग्स तोड़ने वालों पर 2 मुकदमे

प्यावली में महापंचायत करने वाले 200 लोगों पर एफआईआर, दादरी में होर्डिंग्स तोड़ने वालों पर 2 मुकदमे

Tricity Today | महापंचायत का आयोजन

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) 22 सितंबर की सुबह डिग्री कॉलेज के प्रांगण में सम्राट मिहिर भोज की मूर्ति का अनावरण करेंगे। जिसे लेकर दो समुदायों के बीच विवाद चल रहा है। इसी सिलसिले में रविवार की सुबह थाना क्षेत्र के गांव प्यावली में एक महापंचायत का आयोजन किया गया। दूसरी ओर शनिवार को दादरी कस्बे में लगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होर्डिंग्स को फाड़ दिया गया। इन मामलों में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं। यह तीनों मामले 205 लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जारचा थाने में 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर प्यावली गांव में हुई महापंचायत करने वालों के खिलाफ दर्ज हुई है। पुलिस ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने, महामारी अधिनियम को तोड़ने और कोविड-19 प्रोटोकोल का उल्लंघन करने के आरोपों में यह मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी ओर दादरी कस्बे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होर्डिंग्स को फाड़ने वाले 5 लोगों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें एक एफआईआर एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद की गई है। दूसरी एफआईआर में चार लोगों को नामजद किया गया है। यह दोनों मुकदमे दादरी कोतवाली में दर्ज करवाए गए हैं।

आपको बता दें कि इस मामले को लेकर राजपूत और गुर्जर आमने-सामने आ गये हैं। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, राष्ट्रीय सचिव पृथ्वी सिंह, करणी सेना के प्रदेश संगठन मंत्री राणा ब्रजेश प्रताप सिंह, अधिवक्ता रीमा सिंह और अशोक चौहान आदि ने शनिवार को प्रेस वार्ता की थी। इन लोगों ने कहा, "नौंवी शताब्दी के राजपूत सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार को गुज्जर समुदाय से जोड़ना गलत है। हम अपने इतिहास से छेड़छाड़ नहीं होने देंगे। इसको लेकर समाज के लोगों में नाराजगी है। अपने इतिहास को बचाये रखने के लिए सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।" इसी क्रम में रविवार को प्यावली गांव में महापंचायत हुई। जिसमें करीब एक हजार युवकों की भीड़ शामिल हुई।

गांव में पुलिस और पीएसी तैनात की गई
प्यावली गांव में महापंचायत की घोषणा के बाद भारी फोर्स तैनात कर दिया गया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय सचिव पृथ्वी सिंह ने कहा कि महापंचायत की घोषणा होने के बाद से पुलिस अफसर दबाव बना रहे हैं। यह महापंचायत रोकने की पूरी कोशिश की गई है। कार्रवाई की धमकी दी जा रही हैं, लेकिन वह इस महापंचायत को आयोजित करेंगे। यह हमारे लिए अपनी पहचान और अपने इतिहास को बचाये रखने का सवाल है। 

मिहिरभोज की 15 फुट ऊंची अष्ठधातु की है प्रतिमा
दादरी के सम्राट मिहिर भोज कॉलेज में लगने वाली प्रतिमा 15 फुट ऊंची है। जिसे स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण करने वाले विख्यात मूर्तिकार रामसुतार ने बनाया है। यह प्रतिमा अष्टधातु की है। जिसे कॉलेज में स्थापित किया जा चुका है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका अनावरण करने के लिए 22 सितंबर को आएंगे। खास बात यह है कि मिहिरभोज डिग्री कॉलेज में पहले से ही सम्राट मिहिर भोज की एक छोटी प्रतिमा लगी हुई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.