गांजा तस्करी हत्या की कोशिश तक पहुंची, युवक के पिता का सनसनीखेज खुलासा

गौतमबुद्ध नगर : गांजा तस्करी हत्या की कोशिश तक पहुंची, युवक के पिता का सनसनीखेज खुलासा

गांजा तस्करी हत्या की कोशिश तक पहुंची, युवक के पिता का सनसनीखेज खुलासा

Tricity Today | पूरे मामले में अभी तक एक आरोपी दबोचा

  • - ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में हत्या का मामला
  • - सउदी अरब में बैठी मौसी अंजली के इशारे पर गोली चलाई गई
  • - पीड़ित के पिता का दावा, मौसी ने पुलिस से बचने के लिए नाम बदला
Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में फैला गांजा तस्करी का मकड़जाल अब गोलीबारी और हत्या की कोशिश तक पहुंच गया है। अगर पुलिस ने इस संगठित अपराध पर वक्त रहते नकेल नहीं कसी तो समस्याएं बढ़ेंगी। दरअसल, आठ दिन पहले सूरजपुर में रहने वाले फैक्ट्री कर्मचारी अभिषेक को गोली मारी गई थी। अब उसके पिता प्रेमचंद ने दावा किया है कि अभिषेक की हत्या करने के लिए साजिश रची गई थी। यह साजिश रचने वाली उसकी मौसी अंजली उर्फ पूजा है। पूजा के संपर्क में कई गांजा तस्कर हैं, जो देश और विदेश में गांजा सप्लाई करते हैं। 

पुलिस को झांसा देने के लिए अंजली ने बदला नाम
अभिषेक के पिता का कहना है कि पुलिस से बचने के लिए अंजली ने नाम बदल रखा है। वह लोगों को अपना नाम पूजा बताती है। वहीं, गोली का शिकार हुए अभिषेक की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि, वह अभी अस्पताल में है और डाक्टरों ने उनको अगले कुछ दिन तक खिचड़ी खाने की सलाह दी है। अभिषेक घटना के आठ दिन बाद भी अस्पताल में भर्ती है।

अंजली से मिलने आने वालों का विरोध पड़ा भारी
अभिषेक के पिता के दावों में सच्चाई नजर आती है। क्योंकि घटना के बाद से कमिश्नरेट पुलिस लगातार गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई है। अब तक करीब 600 किलोग्राम गांजा पूरे जिले में पकड़ा गया है। इस गोलीकांड के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। प्रेमचंद का कहना है कि घटना की योजना तैयार करने वाली मास्टरमाइंड अंजली से मिलने जब उसके दोस्त आते थे तो कार से आने वाले लोगों से हमेशा गांजे की महक आती थी। उन्होंने और अभिषेक ने इस बात का विरोध किया। विरोध करने पर ही अभिषेक को गोली मारी गई।

अभिषेक की बहन ने बयां किया दर्द
अभिषेक को गोली मारने की घटना के बाद उनकी बहन ने दर्द बयां किया है। बहन ने बताया कि मौसी की गलत हरकतों की वजह से उनके परिवार में परेशानी का पहाड़ टूट पड़ा है। ईश्वर की कृपा से हत्या की योजना कामयाब नहीं हो पाई और उनके भाई की गोली लगने के बाद भी जान बच गई है। वह कहती हैं कि मौसी को पकड़कर सजा दी जाए। वह जेल से बाहर आई तो फिर उनके परिवार पर हमला करवाएगी।

क्या है पूरा मामला
ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में स्थित एटीएस गोल चक्कर के समीप फैक्ट्री कर्मचारी अभिषेक को 17 जनवरी की रात गोली मार दी गई थी। पुलिस ने खुलासा किया कि अभिषेक की हत्या करने के लिए सुपारी उसकी मौसी अंजली ने अपने एक पुरुष मित्र को दी थी। मौसी ने भांजे की हत्या की साजिश इसलिए रची, क्योंकि अभिषेक ने मौसी की गलत गतिविधियों के चलते उसको घर से निकाल दिया था। पुलिस ने गोली मारने वाले दोनों आरोपियों जयवर्धन और अमित को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था।

क्या कहते हैं अफसर
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा विशाल पांडेय का कहना है, "मामले में फरार चल रही महिला का लुक आउट नोटिस जारी हो चुका है। वह फिलहाल सउदी अरब में है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.