पांच सालों में और ज्यादा मजबूत हुए तीनों विधायक, भाजपा को 6% वोट ज्यादा मिले

गौतमबुद्ध नगर चुनाव परिणाम : पांच सालों में और ज्यादा मजबूत हुए तीनों विधायक, भाजपा को 6% वोट ज्यादा मिले

पांच सालों में और ज्यादा मजबूत हुए तीनों विधायक, भाजपा को 6% वोट ज्यादा मिले

Tricity Today | नोएडा, दादरी और जेवर के विधायक

  • पंकज सिंह को सबसे ज्यादा 70.23% वोट मिले
  • - दादरी विधायक ने मारी सबसे ऊंची छलांग
  • - धीरेंद्र सिंह को 1.97% ज्यादा वोट मिले
  • - जिले में भाजपा को करीब 6% वोट ज्यादा मिले

 

Noida News : गौतमबुद्ध नगर के तीनों विधायक पिछले 5 वर्षों के दौरान और ज्यादा मजबूत बनकर उभरे हैं। इस चुनाव में नोएडा के विधायक पंकज सिंह, दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर और जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने पिछली बार के मुकाबले कहीं ज्यादा वोट हासिल किए हैं। कुल पड़े मतों में विधायकों को मिलने वाले मतों का प्रतिशत बढ़ा है। इससे गौतमबुद्ध नगर में भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिली है। बड़ी बात यह है कि पिछली मर्तबा के मुकाबले इस बार भाजपा को अच्छा मुकाबला करना पड़ा है। जहां गौतमबुद्ध नगर में परंपरागत रूप से मजबूत बहुजन समाज पार्टी इस बार बेहद कमजोर पड़ गई, दूसरी तरफ हमेशा से जिले में कमजोर रही समाजवादी पार्टी मजबूत बनकर उभरी है।

पंकज सिंह को सबसे ज्यादा 70.23% वोट मिले
नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने देश के चुनावी इतिहास में बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। अब तक देशभर के राज्यों की विधानसभाओं के लिए करीब 300 चुनाव हो चुके हैं। इनमें सबसे बड़े अंतर वाली जीत का रिकॉर्ड उन्होंने कायम किया है। इस चुनाव में नोएडा सीट पर 3,45,871 वोट पड़े थे। इनमें से पंकज सिंह को 2,44,319 वोट मिले हैं। यह कुल पड़े मतों का 70.23% है। आपको बता दें कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पंकज सिंह को 63.84% वोट मिले थे। इस तरह इस बार पंकज सिंह ने 6.39% ज्यादा वोट हासिल किए हैं।

दादरी विधायक ने मारी सबसे ऊंची छलांग
मत प्रतिशत बढ़ाने के मामले में दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर ने सबसे ऊंची छलांग लगाई है। दादरी विधानसभा सीट पर 3,53,078 वोट पड़े थे। इनमें से मास्टर तेजपाल सिंह नागर ने 2,18,068 वोट हासिल किए हैं। मतलब, उन्हें कुल पड़े वोटों में से 61.76% प्रतिशत वोट मिले हैं। अगर पिछले चुनाव की बात करें तो तेजपाल सिंह नागर ने 53.24% वोट हासिल किए थे। इस बार उनका मत प्रतिशत 8.52% बढ़ा है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी की झोली में पड़ने वाले मतों की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दादरी में हुई है। आपको बता दें कि दादरी के डिग्री कॉलेज में सम्राट मिहिरभोज की प्रतिमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। जिसके चलते मास्टर तेजपाल सिंह नागर को गुर्जर बिरादरी में विरोध का सामना करना पड़ रहा था। भाजपा को यहां शहरी मतदाताओं की लामबंदी का फायदा पहुंचा है।

धीरेंद्र सिंह को 1.97% ज्यादा वोट मिले
गौतमबुद्ध नगर में जेवर विधानसभा सीट मतदाताओं की संख्या के मामले में सबसे छोटी है। इस सीट के लिए केवल 2,31,267 मतदाताओं ने ईवीएम पर बटन दबाया था। इनमें से धीरेंद्र सिंह को 1,17,205 वोट मिले हैं। इस तरह धीरेंद्र सिंह ने 50.68% वोट हासिल किए हैं। आपको बता दें कि वर्ष 2017 के चुनाव में धीरेंद्र सिंह को 48.71% वोट मिले थे। कुल मिलाकर धीरेंद्र सिंह के खाते में 1.97% ज्यादा वोट गए हैं। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में फूट और धीरेंद्र सिंह के खिलाफ चलाए गए दुष्प्रचार के बावजूद उन्होंने यह बड़ी कामयाबी हासिल की है।

जिले में भाजपा को करीब 6% वोट ज्यादा मिले
इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पिछले चुनाव के मुकाबले 5.62% वोट ज्यादा मिले हैं। आपको बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में 55.26% वोट भाजपा के खाते में गए थे। इस बार जिले में भाजपा का मत प्रतिशत बढ़कर 60.89% हो गया है। कुल मिलाकर पिछले 5 वर्षों के दौरान गौतमबुद्ध नगर में भाजपा के जनाधार का विस्तार हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी को मिलने वाले वोटों में धर्म और जाति के बंधन टूट रहे हैं। खासतौर से महिलाओं और युवाओं ने सत्तारूढ़ दल के पक्ष में लामबंद होकर मतदान किया है। तमाम विरोध और आलोचनाओं के बावजूद भारतीय जनता पार्टी को मिलने वाला वोट प्रतिशत घटने की बजाय बढ़ रहा है। विपक्षी दलों के विरोध का असर वोटरों पर नहीं पड़ा है।

कौन सी सीट पर कितना मतदान हुआ
नोएडा - 3,47,871
दादरी  - 3,53,078
जेवर -  2,31,267

2022 में भाजपा को मिले वोट
पंकज सिंह - 244,319
तेजपाल नागर - 218,068
धीरेंद्र सिंह -  117,205

2022 में मिला मत प्रतिशत
पंकज सिंह - 70.23%
तेजपाल नागर - 61.76%
धीरेंद्र सिंह -  50.68%

2017 विधानसभा चुनाव का मत प्रतिशत
पंकज सिंह - 63.84%
तेजपाल नागर - 53.24%
धीरेंद्र सिंह - 48.71%

2022 में बढ़ी भाजपा की हिस्सेदारी
पंकज सिंह - 6.39%
तेजपाल नागर - 8.52%
धीरेंद्र सिंह - 1.97%

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.