बीजेपी से लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी के लिए 29.17% वोट मिले

गौतमबुद्ध नगर की पहली पसंद नवाब सिंह नागर : बीजेपी से लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी के लिए 29.17% वोट मिले

बीजेपी से लोकसभा चुनाव की उम्मीदवारी के लिए 29.17% वोट मिले

Tricity Today | नवाब सिंह नागर और डॉ.महेश शर्मा

Greater Noida News : आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए एक तरफ़ नेताओं और राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है तो दूसरी तरफ़ आम आदमी भी अपनी ओपिनियन दे रहा है। मीडिया भी आम आदमी की नब्ज़ टटोलने की कोशिश में है। इसी सिलसिले में ‘एनसीआर ख़बर’ न्यूज़ पोर्टल ने ट्विटर (एक्स) पर सर्वे किया है। जिसमें गौतमबुद्ध नगर के मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के संभावित उम्मीदवार का नाम पूछा गया। इस सर्वे में लोगों को छह संभावित उम्मीदवारों के नाम बतौर विकल्प दिए गए और सातवां विकल्प नोटा था। गौतमबुद्ध नगर के मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर को पहली पसंद बनाया है। नवाब सिंह नागर के पक्ष में 29.2 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले हैं। बड़ी बात यह है कि मौजूदा सांसद डॉक्टर महेश शर्मा इस सर्वे में नवाब सिंह नागर से काफ़ी पिछड़ गए और दूसरे स्थान पर रहे हैं।

 किसे कितने वोट मिले
संभावित उम्मीदवार वोट मिले प्रतिशत
नवाब सिंह नागर : 28,730
डॉ.महेश शर्मा : 23,438
धीरेंद्र सिंह : 16,152
गोपाल कृष्ण अग्रवाल : 13,896
सुरेंद्र सिंह नागर : 9,581
बीएन सिंह : 412
नोटा : 6,248
टोटल : 98,490

जनता चाहती है कि प्रत्याशी बदले भाजपा
इस सर्वे के परिणाम गौतमबुद्ध नगर के आम आदमी की भावना को प्रदर्शित कर रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर की जनता इस बार अपने सांसद को बदलना चाहती है। जिले की जनता का मानना है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी को उम्मीदवार बदलना चाहिए। इसको लेकर एक सर्वे किया गया है। सर्वे के विकल्पों में मौजूदा सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, ज़ेवर से विधायक धीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल, गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी रह चुके आईएएस अफ़सर बीएन सिंह और नोटा को बतौर विकल्प आम आदमी के सामने रखा गया था। इस सर्वे में 18,490 लोगों ने अपनी राय रखी है। किसी एक लोकसभा क्षेत्र के लिए इतना बड़ा सैंपल साइज बहुत मायने रखता है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हुए सर्वे में बड़ी-बड़ी एजेंसियों ने 10-15 हज़ार लोगों की राय जानी थी। लोकसभा चुनाव के लिए भी 60-70 हजार से ज़्यादा लोगों की ओपिनियन ली जाती है।

नवाब सिंह नगर ने धन्यवाद ज्ञापित किया, सांसद से नहीं हो पाई बात
इस सर्वे का परिणाम सामने आने पर पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर से बात की गई। उन्होंने कहा, “मुझे गौतमबुद्ध नगर की जनता ने हमेशा प्यार दिया है। मैं छात्र जीवन से भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और आनुषंगिक संगठनों से जुड़ा रहा हूं। आज मेरे पास जो कुछ भी है, वह सब गौतमबुद्ध नगर की जनता और भारतीय जनता पार्टी की देन है। मैं इस सर्वे के परिणाम से बहुत ख़ुश हूं। लोगों ने मेरे ऊपर भरोसा जताया है। इसके लिए मैं सभी का धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। मैं पार्टी से गौतमबुद्ध नगर लोक सभा सीट से टिकट मांग रहा हूं। अगर पार्टी ने मुझे टिकट दिया तो गौतमबुद्ध नगर के मतदाताओं से आशीर्वाद लेने जाऊंगा। मेरा पूरा जीवन नोएडा और गौतमबुद्ध नगर से जुड़ा है। मैं हर छोटी-बड़ी समस्या से वाक़िफ़ हूं। आज भी जितना बन पड़ता है, आम आदमी के लिए काम करने का प्रयास करता हूं।” दूसरी ओर सांसद डॉक्टर महेश शर्मा से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई है।

ट्राईसिटी टुडे के सर्वे में भी पिछड़े थे महेश शर्मा
पिछले महीने सांसद डॉक्टर महेश शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐप पर देश का नंबर वन सांसद आंका गया था। उस गतिविधि में सांसद के लिए काम करने वाली एजेंसी ने बड़ा फर्जीवाड़ा किया था। नरेंद्र मोदी ऐप के परिणाम पर आपके पसंदीदा न्यूज़ पोर्टल ट्राईसिटी टुडे ने एक ट्विटर सर्वे किया था। उस सर्वे में भी गौतमबुद्ध नगर के निवासियों ने सांसद के कामकाज और नरेंद्र मोदी ऐप के परिणाम से नाइत्तफ़ाकी ज़ाहिर की थी। क़रीब 70 फ़ीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी ऐप पर आए परिणाम असहमति ज़ाहिर की थी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.