दादरी विधायक के घर पहुंची भीड़, बेटे को सुनाई खरी खौटी, VIDEO

गुर्जरों में गुस्सा : दादरी विधायक के घर पहुंची भीड़, बेटे को सुनाई खरी खौटी, VIDEO

दादरी विधायक के घर पहुंची भीड़, बेटे को सुनाई खरी खौटी, VIDEO

Tricity Today | गुर्जरों में गुस्सा

Greater Noida News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने बुधवार की सुबह दादरी में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण किया है। विवादों के साथ यह कार्यक्रम शुरू हुआ है। कार्यक्रम के बाद विवाद और गहरा गया है। दरअसल, दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर ने मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचने से ठीक पहले प्रतिमा के परिचय में लिखा 'गुर्जर' शब्द हटा दिया था। इससे समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। तेजपाल नागर का भीड़ ने कार्यक्रम स्थल पर ही घेराव किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसी तरह तेजपाल नागर वहां से निकले तो इसके बाद भीड़ नारेबाजी करती हुई उनके घर पहुंच गई। घर के बाहर भी जमकर नारेबाजी की गई। विधायक तो नहीं मिले उनके बेटे दीपक नागर को लोगों ने खूब खरी-खोटी सुनाई है।



तेजपाल नागर ने हटाया गुर्जर शब्द
दादरी में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम विरोध, प्रतिरोध और हंगामे के साथ शुरू हुआ और बुधवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद एक बार फिर हंगामा शुरू हो गया है। दरअसल, जब मुख्यमंत्री दादरी में प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे तो उससे ठीक पहले दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर ने सम्राट मिहिर भोज के नाम के आगे लिखा गुर्जर शब्द हटा दिया। दरअसल, शिलापट्ट पर गुर्जर शब्द उकेरा नहीं गया है। विरोध को रोकने के लिए एक प्लास्टिक शीट पर लिखकर चिपकाया गया था। इस पर गुर्जर समाज में रोष फैल गया। विधायक के खिलाफ भीड़ ने जमकर नारेबाजी की। हाय-हाय और मुर्दाबाद के नारे लगाए गए हैं।

लोगों ने कहा- तेजपाल नागर को सबक सिखाएगा समाज
मौके पर हंगामा कर रहे लोगों ने कहा, "विधायक तेजपाल सिंह नागर को समाज सबक सिखाएगा। विधायक ने गुर्जर समाज का घोर अपमान किया है। जिस महान सम्राट के बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इतनी बड़ी-बड़ी बातें कह कर गए हैं, उसको तेजपाल नागर ने अपमानित किया है। इसके लिए समाज विधायक को सबक जरूर सिखाएगा।" युवाओं ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामा बढ़ता देखकर विधायक तेजपाल नागर वहां से किसी तरह निकल गए।

क्या है पूरा मामला
दादरी के डिग्री कॉलेज में गुर्जर विद्या सभा ने करीब एक साल पहले सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा लगाने की योजना पर काम शुरू किया था। दादरी समेत आसपास के क्षेत्र से सहयोग राशि लेकर अष्टधातु की 15 फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माण करवाया गया। यह प्रतिमा विख्यात शिल्पकार राम सुतार ने बनाई है। इस प्रतिमा का अनावरण करने के लिए गुर्जर विद्या सभा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मिलने के बाद यह बात फैल गई कि सम्राट मिहिर भोज के नाम के साथ गुर्जर शब्द जोड़ा जा रहा है। इसका ठाकुर बिरादरी ने विरोध किया। हंगामा बढ़ता देखकर मामले को शांत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बीच का रास्ता निकाला। तय किया गया कि प्रतिमा के साथ राजपूत या गुर्जर शब्द नहीं जोड़ा जाएगा। 

इस पर गुर्जर समाज में विरोध शुरू हो गया
यह बात दादरी इलाके के गुर्जर समाज को नागवार गुजरी। कार्यक्रम से कुछ दिन पहले ही दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने होर्डिंग लगवाए। इन पर गुर्जर शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया था। जिसका विरोध हुआ। युवकों ने सड़कों पर उतरकर होर्डिंग फाड़ दिए और विधायक का पुतला भी जलाया। इसके बाद प्रतिमा के शिलापट्ट पर गुर्जर शब्द लिखवाया गया। किंतु, गुर्जर शब्द पत्थर पर उत्कीर्ण नहीं किया गया। यह एक प्लास्टिक शीट पर लिखकर चिपका दिया गया। जिससे समाज के लोगों को सांत्वना दी जा सके।

सीएम के आने से ठीक पहले विधायक ने हटाई पट्टी
अब जब बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे तो कुछ मिनट पहले ही दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने गुर्जर शब्द वाली प्लास्टिक शीट उखाड़ कर फेंक दी। मौके पर मौजूद गुर्जर विद्या सभा के पदाधिकारियों ने इसका विरोध भी किया। एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने यह पुष्टि की है कि विधायक तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचने से ठीक पहले गुर्जर शब्द को हटाया। यह बात फैल गई और युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। दादरी विधायक तेजपाल नागर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.