ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने पुरुषोत्तम एस्टेट को भेजा नोटिस, 7 दिनों में अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी नहीं तो चलेगा बुलडोजर

ट्राईसिटी टुडे का असर : ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने पुरुषोत्तम एस्टेट को भेजा नोटिस, 7 दिनों में अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी नहीं तो चलेगा बुलडोजर

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने पुरुषोत्तम एस्टेट को भेजा नोटिस, 7 दिनों में अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी नहीं तो चलेगा बुलडोजर

Tricity Today | पुरुषोत्तम एस्टेट

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में दादरी कस्बे के पास नेशनल हाईवे पर 'सपनों का आशियाना' बेचने के नाम पर हो रही खुली लूट रोकने का आदेश जारी हो गया है। आपके पसंदीदा न्यूज़ पोर्टल 'ट्राईसिटी टुडे' में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने पुरुषोत्तम एस्टेट नाम की अवैध कॉलोनी बसा रहे लोगों को नोटिस भेजा है। पीतमपुरा दिल्ली में रहने वाले पुरुषोत्तम दास को यह नोटिस भेजकर 7 दिनों में अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर 7 दिनों में यह अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो अथॉरिटी कार्रवाई करेगी। जिसके पूरे हर्जे-खर्चे की जिम्मेदारी यह अवैध निर्माण करने वालों पर होगी।

क्या है पूरा मामला
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिसूचित गांव धूम मानिकपुर के पास करीब 62,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में पुरुषोत्तम एस्टेट नाम की कॉलोनी बसाई जा रही है। यह जमीन पुरुषोत्तम दास इंडस्ट्रीज और कई अन्य लोगों के नाम है। यहां कॉलोनी बसाने के लिए कंपनी ने कोई अनुमति नहीं ली है। कॉलोनी का नक्शा पास नहीं करवाया गया है। भोले-भाले लोगों को झूठी जानकारी देकर महंगी कीमत पर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। इस कॉलोनी में प्लॉट की कीमत ₹28,000 वर्ग गज से लेकर ₹44,000 वर्ग गज तक है। आम आदमी को झांसा देने के लिए गाजियाबाद से दादरी और सिकंदराबाद तक नेशनल हाईवे पर प्रचार के होर्डिंग लगाए गए हैं। लोगों को बताया जाता है कि यह जमीन फ्रीहोल्ड है। इस पर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत, गौतमबुद्ध नगर, जिला प्रशासन या दादरी नगरपालिका का कोई हस्तक्षेप नहीं है। इतना ही नहीं यह कॉलोनी बसाने के लिए उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) में भी रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया गया है। पूरी तरह अवैध निर्माण किया जा रहा है। आपके पसंदीदा न्यूज़ पोर्टल 'ट्राईसिटी टुडे' ने यह खुलासा किया था। जिस पर अब ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की है।

प्राधिकरण ने माना अवैध रूप से बताई जा रही है कॉलोनी
'ट्राईसिटी टुडे' में पुरुषोत्तम एस्टेट पर विस्तृत समाचार प्रकाशित होने के बाद ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने जांच-पड़ताल शुरू की। अथॉरिटी के इंजीनियरों की एक टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल की। अवैध निर्माण पर रिपोर्ट तैयार करके उच्चाधिकारियों को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर अथॉरिटी के महाप्रबंधक ने कार्रवाई करने का आदेश दिया है। जिस पर अमल करते हुए वर्क सर्किल-2 के सीनियर मैनेजर सौदान सिंह ने मंगलवार को एक नोटिस पुरुषोत्तम दास को भेजा है। जिसमें कहा गया है, "आपके द्वारा अथॉरिटी के अधिसूचित इलाके में अवैध निर्माण किया जा रहा है। इस अवैध निर्माण की वजह से ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण का नियोजन प्रभावित हो रहा है। लिहाजा, अवैध निर्माण तत्काल बंद कर दिया जाए। अब तक किए गए अवैध निर्माण को अगले 7 दिनों में हटा लें। अगर यह अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो प्राधिकरण अपने स्तर पर अवैध निर्माण को हटाने के लिए कार्यवाही करेगा। जिससे होने वाले नुकसान और खर्चे की जिम्मेदारी आपकी होगी।"

सरकारी जमीन पर कब्जा करके निर्माण किया
इस कॉलोनी में सरकारी जमीन पर भी कब्जा किया गया है। जिसके खिलाफ स्थानीय लोगों ने शिकायत की। ग्राम सभा की ओर से एक मुकदमा दादरी तहसील में दायर किया गया। जिस पर दादरी के तहसीलदार ने 31 मार्च 2022 को पुरुषोत्तम दास इंडस्ट्रीज के खिलाफ एक आदेश पारित किया है। जिसमें तत्काल कब्जा हटाने की बात कही गई है। कंपनी पर भारी-भरकम जुर्माना भी लगाया गया है। तहसीलदार का आदेश मिलने के बावजूद कंपनी ने अवैध निर्माण नहीं हटाया। जिस पर कार्रवाई करते हुए तहसील प्रशासन ने निर्माण को पिछले सप्ताह गिराया था। अब तहसील प्रशासन ने जुर्माने का पैसा वसूलने की कार्यवाही शुरू कर दी है। धूम मानिकपुर, डेरी मच्छा और आसपास के दूसरे गांवों के निवासी इस अवैध निर्माण को लेकर लंबे अरसे से आवाज उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर शिकायत की जा रही हैं, लेकिन अब तक ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.