Greater Noida : बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव आकलपुर जागीर में थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक युवक ने पड़ोसी पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी युवक फरार है। हत्या की वजह एक माह पूर्व हुई कहासुनी बताई जा रही है। जिसमें पीड़ित ने आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया था। जिसके बाद से आरोपी बदला लेनेे की फिराक में था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही, गांव में तनावपूर्णण स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। आकलपुर जागीर गांव का रहने वाला कर्मवीर सिंह 40 वर्षीय एक प्राइवेट फैक्टी में नौकरी करता था। परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। करीब एक माह पूर्व घर के सामने रहने वाले अजय 25 वर्षीय से उसकी कहासुनी हो गई थी।
दरअसल, उस दिन रात को करीब 11 बजे अजय अपने पड़ोसी कर्मवीर के घर के सामने खड़ा था। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। जिसमें कर्मवीर ने अजय के एक थप्पड़ मार दिया था। अगले दिन गांव के बड़े बुजुर्गो में दोनों का फैंसला करा दिया। मगर अजय खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। इस घटना के करीब एक माह बाद गत शुक्रवार शाम को अजय ने पिस्टल से कर्मवीर पर फायरिंग कर दी। कर्मवीर के तीन गोली लगी। जिसे गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर घटना के बाद गांव में स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। एसएचओ बादलपुर दिनेश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।