एक अनार सौ बीमार, अमित चौधरी की जगह पाने के लिए मारामारी और विधानसभा चुनाव के समीकरण

गौतमबुद्ध नगर भाजपा : एक अनार सौ बीमार, अमित चौधरी की जगह पाने के लिए मारामारी और विधानसभा चुनाव के समीकरण

एक अनार सौ बीमार, अमित चौधरी की जगह पाने के लिए मारामारी और विधानसभा चुनाव के समीकरण

Tricity Today | विजय भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष

Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के हालात इस वक्त एक अनार सौ बीमार जैसे बने हुए हैं। दरअसल, जिला कार्यकारिणी में महामंत्री का एक पद भरा जाना है। जिसे लेकर मारामारी का आलम है। दावेदार खुद और अपने राजनीतिक सरपरस्तों से पुरजोर पैरवी करवा रहे हैं। खास बात यह है कि मौजूदा कार्यकारिणी पहले से ही असंतुलित है। खासतौर से महिलाओं, वैश्य और ठाकुरों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने के कारण नाराजगी चल रही है। अब जानकारी मिली है कि खाली होने वाले महामंत्री के पद पर भी इन वर्गों को संतुलित करने की बजाय सिफारिश के आधार पर नियुक्ति हो सकती है।

गौतमबुद्ध नगर भाजपा के मौजूदा महामंत्री अमित चौधरी ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। वह जीत गए हैं और अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दावेदार हैं। अध्यक्ष पद पर भी उनकी जीत तय मानी जा रही है। लिहाजा, उनका जिला भाजपा में महामंत्री का पद खाली हो चुका है। अब इस पद पर नई नियुक्ति की जानी है। जिसे लेकर रस्साकशी का दौर शुरू हो गया है। सबसे पहले हम आपको बताते हैं फिलहाल कौन-कौन दावेदार महामंत्री पद की कुर्सी पर नजर गड़ाकर बैठे हैं।

इसके लिए पूर्व जिला उपाध्यक्ष राहुल पंडित का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वह पिछली कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष थे। इस बार उन्हें जगह नहीं मिल पाई थी। शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा उनके निकट रिश्तेदार हैं। जिला भाजपा में श्रीचंद शर्मा को ही राहुल पंडित का पैरोकार बताया जा रहा है। पिछली बार भी राहुल पंडित को श्रीचंद शर्मा की पैरवी पर जिला उपाध्यक्ष बनाया गया था। सांसद प्रतिनिधि रहे और जिला पंचायत चुनाव में बगावत करके नामांकन करने वाले सतपाल तालान महामंत्री बनने की रेस में शामिल हैं। आपको बता दें कि सतपाल तालान को समझाकर जिला पंचायत चुनाव से वापसी श्रीचंद शर्मा और मौजूदा जिला अध्यक्ष विजय भाटी ने करवाई थी। ऐसे में सतपाल तालान को महामंत्री बनवाने का नैतिक दायित्व श्रीचंद शर्मा पर ही आएगा। लिहाजा, उन्हें अपने वफादार कार्यकर्ता और रिश्तेदार में से किसी एक को चुनना पड़ सकता है।

ये भी हैं दावेदार
पूर्व जिला महामंत्री ठाकुर धर्मेंद्र भाटी भी इस पद की दौड़ में शामिल हैं। धर्मेंद्र भाटी को सांसद डॉ.महेश शर्मा का खास माना जाता है। वह रबूपुरा के रहने वाले हैं। मौजूदा राजनीतिक हालात में सांसद महेश शर्मा और जेवर विधायक के बीच खटास चल रही है। ऐसे में धर्मेंद्र भाटी को महामंत्री बनाने के लिए महेश शर्मा वीटो लगा सकते हैं। जानकारी मिली है कि पूर्व जिला उपाध्यक्ष आनंद भाटी ने भी दावा किया है। जिला सह मीडिया प्रभारी पंकज रावल, ग्रेटर नोएडा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह रावल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राकेश राणा आदि के नाम दौड़ में शामिल हैं।



ठाकुर, महिला और वैश्य दरकिनार
बताते चलें कि गौतमबुद्ध नगर भाजपा के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष सहित गुर्जर समाज के 9 लोग हैं। हर बार एक महामंत्री ठाकुर होता था लेकिन अबकी बार ठाकुर महामंत्री नहीं है। वैश्य समाज की भी अपेक्षा की गई है। जिससे ठाकुर और वैश्य समाज के कार्यकर्ता खुलकर जिला कार्यकारिणी का विरोध कर रहे हैं। ठाकुर और वैश्य समाज के नेताओं का कहना है कि सत्ता से संगठन तक केवल जिले के गुर्जर और ब्राह्मण नेताओं को तरजीह दी जा रही है। जिले में ठाकुर समाज के मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। इसके बावजूद जिला कार्यकारिणी में किसी को महामंत्री की जगह नहीं मिली है।

इसी वजह से बिसाहड़ा में बवाल हुआ
आपको याद दिला दें, यही वजह थी कि दादरी क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव में जिला पंचायत चुनाव के दौरान जनसभा को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल का ठाकुर समाज के युवाओं ने विरोध किया था। जिले के एक पुराने ठाकुर नेता ने कहा, "भाजपा के संगठन पर पूरी तरह ब्राह्मण और गुर्जर नेताओं का कब्जा है। ठाकुर समाज से विधायक पंकज सिंह और धीरेंद्र सिंह के सुझावों को जानबूझकर दरकिनार किया जाता है। जिले में दो ठाकुर समाज के विधायक हैं। यह कहकर ब्राह्मण और गुर्जर नेता ठाकुरों के दावे को खारिज कर रहे हैं। अगर यही राजनीति का आधार है तो इस वक्त जिले में सांसद और एमएलसी ब्राह्मण हैं। दादरी से विधायक और राज्यसभा सांसद गुर्जर हैं। अब पिछड़ा वर्ग आयोग का सदस्य गुर्जर को बनाया गया है। जिला अध्यक्ष गुर्जर है। उनकी कार्यकारिणी में नौ पदाधिकारी गुर्जर समाज से हैं। जिला अध्यक्ष ने सबसे ज्यादा गुर्जरों को जिला पंचायत के टिकट दिए और अब ब्लॉक प्रमुख की दावेदारी भी गुर्जर कर रहे हैं।

महिलाओं को प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिला
जिला भाजपा में एक और आवाज उठ रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हर बार जिला कार्यकारिणी में 3 महिला पदाधिकारी रहती थीं। लेकिन इस बार एक जिला पदाधिकारी है। महिलाओं के हिस्से में केवल एक मंत्री का छोटा सा पद आया है। वैश्य समाज से भी जिला कार्यकारिणी ने किनारा किया है। पिछली सभी कार्यकारिणी में वैश्य समाज के तीन-तीन पदाधिकारी रखे जाते रहे हैं। इस बार केवल एक वैश्य पदाधिकारी जिला कार्यकारिणी में है।

आखिर ऐसा क्यों हुआ
मौजूदा जिलाध्यक्ष विजय भाटी भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह करीब ढाई दशक से पार्टी में विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। उनके नाम एक और खास उपलब्धि है। वह दो बार मंडल अध्यक्ष रहे। दो बार जिला महामंत्री रहे और अब दूसरी बार जिलाध्यक्ष हैं। तमाम विरोध और उल्टे-पुल्टे समीकरणों के बीच वह दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनने में कामयाब हो गए थे। जानकारों का कहना है कि विजय भाटी तीसरी बार तो जिला अध्यक्ष बनने से रहे। लिहाजा, उन्होंने यह कार्यकारिणी अपनी मन की मर्जी से जिला कार्यकारिणी बनाई। मानदंडों, परंपराओं, नियमों और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों पर विजय भाटी ने कोई ध्यान नहीं दिया था।

जानकारों का तो यहां तक कहना है कि अब विजय भाटी की नजर दादरी विधानसभा सीट पर है। जिले के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, "वह आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के प्रबल दावेदारों में से एक रहेंगे। भाजपा में एक बड़ा गुट ऐसा है, जो उनके दावे को सही मानता है। विजय भाटी 25 वर्षों से भाजपा में सक्रिय हैं। उन्होंने हर काम सफलतापूर्वक किया है। अगर उन्हें विधानसभा का टिकट नहीं मिल सकता तो फिर जिले के बाकी सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी तो खुद ही अनफिट हो जाते हैं। लिहाजा, विजय भाटी को मजबूती के साथ दावेदारी करनी चाहिए और जिला भाजपा को उनका पुरजोर समर्थन करना चाहिए।" वह सवाल करते हैं, "जब भाजपा बाहरी नेताओं को इस पद के लिए स्वीकार कर सकती है तो अपने पुराने और सफल नेता को मौका देने में क्या बुराई है?"

कुल मिलाकर जिले में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक महामंत्री पद को लेकर घमासान मचना तय माना जा रहा है। इस एक पद पर किसी एक नेता की नियुक्ति करके एक दर्जन से ज्यादा नेताओं को नाराज करना पड़ सकता है। अब देखना यही है कि गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी जिला अध्यक्ष विजय भाटी किस तरह इस समस्या का समाधान तलाश कर पाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.