मोटो जीपी बाइक रेस करवाने के लिए करवानी होगी ट्रैक की मरम्मत, 55 करोड़ का आएगा खर्चा

Buddh International Circuit : मोटो जीपी बाइक रेस करवाने के लिए करवानी होगी ट्रैक की मरम्मत, 55 करोड़ का आएगा खर्चा

मोटो जीपी बाइक रेस करवाने के लिए करवानी होगी ट्रैक की मरम्मत, 55 करोड़ का आएगा खर्चा

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनैशनल सर्किट (BIC) में मोटो जीपी बाइक रेस कराने के लिए कंपनी को 55 करोड़ रुपए खर्च कर आयोजन करवाना होगा। इस आयोजन को सफल करवाने के लिए कंपनी और यमुना अथॉरिटी के आला अधिकारियों ने बैठक कर बड़े निर्णय लेना शुरू कर दिया है। हाल के बैठक में अथॉरिटी ने धनराशि खर्च करने से साफ मना कर दिया। आपको बता दें, इस साल 21 सितंबर से दुनिया की सबसे बड़ी बाइक रेसिंग मोटो जीपी का आयोजन किया जाएगा, जो 24 सितंबर तक चलेगी। कुल मिलाकर इस साल के कैलेंडर में भारत ग्रां-प्री (Bharat Grand Prix) को जगह मिल गई है। बड़ी बात यह है कि 10 साल से बंद पड़े बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट को रेस लायक बनाने के लिए 55 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

सात साल के लिए डोर्ना स्पोर्ट्स ने कॉन्ट्रैक्ट किया
MotoGP ने आधिकारिक तौर पर भारत के लिए अपना रास्ता बना लिया है। कई सालों के इंतजार के बाद दोपहिया रेसिंग और मोटर स्पोर्ट्स के प्रशंसक अब जश्न मना सकते हैं। क्योंकि ग्रेटर नोएडा में MotoGP इस साल 21 से 24 सितंबर तक होगी। MotoGP की आयोजक कंपनी डोर्ना स्पोर्ट्स ने भारत में यह आयोजन करने के लिए फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के साथ 7 साल का अनुबंध किया है। फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर पुष्कर नाथ श्रीवास्तव ने कहा, "बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट वह ट्रैक बनने जा रहा है, जिसका उपयोग भारत जीपी के लिए किया जाएगा। इसे मोटो जीपी सर्किट बनाने के लिए एफआईएम के मानकों को पूरा किया जाएगा। इन तैयारियों में बीआईसी पर 55 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे। यह सारा खर्च हमारी कंपनी उठाएगी। 2023 कैलेंडर में भारत जीपी शामिल हो गया है।"

'इंडियन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को मिलेगा बड़ा फायदा'
डोर्ना स्पोर्ट्स के सीईओ कार्मेलो एज़पेलेटा ने कहा, "भारत एक विशाल देश और बाजार है। दोपहिया वाहन उद्योग और एक खेल के रूप में MotoGP के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इस चैंपियनशिप को भारत में पसंद करने वालों की संख्या करोड़ों में है। भारत में MotoGP इवेंट हमारे प्रशंसकों के लिए एक अविश्वसनीय तमाशा होगा। यह आयोजन हमारे सभी भागीदारों और विशेष रूप से ऑटोमोबाइल निर्माताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय सड़कों पर करोड़ों दोपहिया वाहन हैं।"

यह पहली भारत जीपी का पूरा कार्यकम
21 सितंबर 2023 को शाम 5:00 प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के मीडिया सेंटर में होगी। इस आयोजन में मोटो जीपी के साथ मोटो-2 और मोटो-3 बाइक रेस भी होंगी। इन तीनों प्रतियोगिताओं के लिए पहली प्रैक्टिस रेस का आयोजन 22 सितंबर की सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा। 23 सितंबर को मोटो जीपी के लिए फ्री प्रैक्टिस रेस और फिर 2 क्वालीफाइंग रेस होंगी। मोटो-1 और मोटो-2 के लिए भी प्रैक्टिस रेस होंगी। 24 सितंबर की सुबह वार्म-अप और राइडर फेन परेड का आयोजन किया जाएगा। दोपहर बाद 2:00 से मोटो जीपी रेस होगी।

बीआईसी 10 साल बाद होगा गुलजार
देश का इकलौता रेसिंग ट्रैक बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट करीब 10 साल बाद गुलजार होगा। बीआईसी पर साल 2011 में पहली इंडियन ग्रां प्री का आयोजन किया गया था। इसके बाद साल 2012 और 2013 में भी फॉर्मूला वन रेस करवाई गईं। फिर यह आयोजन विवाद का मुद्दा बन गया। बीआईसी का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक और केंद्र सरकार के बीच टैक्स को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई। लिहाजा, एफ-वन का आयोजन खटाई में पड़ गया। तब से बीआईसी पर कोई बड़ा आयोजन नहीं करवाया जा सका है। आपको बता दें कि उसी वक्त मोटो जीपी करवाने के लिए बातचीत शुरू हुई थी। वर्ष 2014 के कैलेंडर में मोटोजीपी का आयोजन करवाया जाना था लेकिन फिर यह आयोजन भी रद्द कर दिया गया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.