ग्रेटर नोएडा के सीईओ नरेंद्र भूषण का तबादला, मेरठ के आयुक्त सुरेंद्र सिंह को मिली जिम्मेदारी, यूपी के टॉप 16 आईएएस के काम बदले गए

BIG BREAKING : ग्रेटर नोएडा के सीईओ नरेंद्र भूषण का तबादला, मेरठ के आयुक्त सुरेंद्र सिंह को मिली जिम्मेदारी, यूपी के टॉप 16 आईएएस के काम बदले गए

ग्रेटर नोएडा के सीईओ नरेंद्र भूषण का तबादला, मेरठ के आयुक्त सुरेंद्र सिंह को मिली जिम्मेदारी, यूपी के टॉप 16 आईएएस के काम बदले गए

Tricity Today | नरेंद्र भूषण

Uttat Pradesh News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने रविवार की देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।  राज्य के 16 टॉप प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण (Greater Noida Authority) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण, राज्य के अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) अरविंद कुमार, नोएडा व ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के चेयरमैन संजीव कुमार मित्तल और मेरठ के मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह मुख्य रूप से शामिल हैं।

मेरठ के आयुक्त सुरेंद्र सिंह ग्रेटर नोएडा के सीईओ बने
शासन से मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के चेयरमैन संजीव कुमार मित्तल को उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संजीव कुमार मित्तल राज्य कर विभाग के अपर मुख्य सचिव थे। उनके पास राज्य सतर्कता आयोग, उत्तर प्रदेश अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारियां भी थीं। यूपी के औद्योगिक विकास आयुक्त अरविंद कुमार को अब औद्योगिक विकास विभाग में ही अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। मतलब, अब अरविंद कुमार को संजीव मित्तल की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण को स्थानांतरित करके लोक निर्माण विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है।

उनकी जगह ग्रेटर नोएडा में मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी मेरठ के मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। आपको बता दें कि मेरठ में मंडलायुक्त बनने से पहले सुरेंद्र सिंह वाराणसी के जिलाधिकारी थे। सुरेंद्र सिंह युवा और तेजतर्रार प्रशासनिक अधिकारी हैं।

पीडब्ल्यूडी, रेवेन्यू, बेसिक शिक्षा और कृषि विभाग में बड़ा फेरबदल
नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण का स्थानांतरण आवास एवं शहरी विकास विभाग में कर दिया गया है। आवास एवं शहरी नियोजन तथा बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव दीपक कुमार से आवास एवं शहरी नियोजन विभाग वापस ले लिया गया है। वह अब केवल बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव का कार्यभार संभालेंगे। उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा का स्थानांतरण प्राविधिक शिक्षा एवं व्यवसायिक शिक्षा विभाग में कर दिया गया है। कौशल विकास विभाग की जिम्मेदारी भी सुभाष चंद्र शर्मा को सौंपी गई है।

दुग्ध विकास, मत्स्य विभाग, पशुधन और परियोजना समन्वय विभाग के प्रमुख सचिव सुधीर गर्ग का स्थानांतरण राजस्व विभाग में कर दिया गया है। नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अपर मुख्य सचिव सचिव डॉ.रजनीश दुबे को दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, पशुधन और परियोजना समन्वय विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को बड़ी जिम्मेदारी दी गई हैं। अब उन्हें उत्तर प्रदेश का कृषि उत्पादन आयुक्त नियुक्त किया गया है। मनोज सिंह ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अपर मुख्य सचिव भी बने रहेंगे।

इन विभागों में भी कर दिया गया बड़ा फेरबदल
व्यवसायिक शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात को स्थानांतरित करके नगर विकास विभाग, नगरीय रोजगार, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम और राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह का तबादला उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी और दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक एल वेंकटेश्वरलू का तबादला परिवहन विभाग में कर दिया गया है। वह परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव बनाए गए हैं। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की सचिव व यूपी इन्वेस्ट की मुख्य कार्यपालक अधिकारी नीना शर्मा का तबादला उत्तर प्रदेश प्रशासन व प्रबंधन अकादमी में बतौर निदेशक किया गया है।

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन, उत्तर प्रदेश जल विद्युत निगम, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम और उत्तर प्रदेश पारेषण निगम के अध्यक्ष एम देवराज को और जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग का प्रमुख सचिव भी बना दिया गया है। वित्त विभाग की अपर मुख्य सचिव और उत्तर प्रदेश की वित्त आयुक्त एस राधा चौहान का स्थानांतरण महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में बतौर अपर मुख्य सचिव किया गया है। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की टॉप प्रशासनिक मशीनरी में बड़ा फेरबदल किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.