हाई प्रोफाइल मर्डर से शहर में सनसनी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई थे मृतक, पुलिस को मिले अहम सुराग

Greater Noida Double Murder: हाई प्रोफाइल मर्डर से शहर में सनसनी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई थे मृतक, पुलिस को मिले अहम सुराग

हाई प्रोफाइल मर्डर से शहर में सनसनी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई थे मृतक, पुलिस को मिले अहम सुराग

Tricity Today | घटना स्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी

ग्रेटर नोएडा में गुरुवार की रात एक हाई प्रोफाइल कारोबारी दंपति की हत्या के बाद से इलाके में सनसनी फैली है। शुक्रवार की सुबह पुलिस को इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिली। दंपति के बेटे रोहित ने बताया कि मृतक नरेंद्र नाथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई थे। इसके बाद से मामला हाई प्रोफाइल बन गया है। नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह खुद घटना स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बात की तथा जल्दी ही अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। सुबह से ही मौके पर पुलिस बलों की भारी संख्या तैनात कर दी गई है। 

फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर सुराग जुटाने में जुटे हैं। पुलिस का दावा है कि हत्यारों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रथमदृष्टया लग रहा है कि बुजुर्ग दंपति की हत्या करने वाले उन्हें अच्छी तरह जानते थे। उनका आपस में कारोबारी लेनदेन रहा है। इतना ही नहीं, परिजनों ने भी कुछ लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार सिंह का कहना है कि वारदात में लूटपाट नहीं हुई है। इस हत्याकांड को अपराधियों ने अंजाम नहीं दिया है। दंपति के कारोबारी ताल्लुकात के तहत ही यह हत्या की गई है।

फोन से खुला हत्याकांड का राज
डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सुरेंद्र नाथ की उम्र 70 साल से अधिक थी। उनकी पत्नी सुनीता नाथ 65 वर्ष की थी। सुरेंद्रनाथ ने कई लोगों को पैसा ब्याज पर दे रखा था। उनका लेनदेन का कारोबार भी था। इसके अलावा कई और बिजनेस ताल्लुकात थे। शुरुआती जांच-पड़ताल में साफ तौर पर यह बात सामने आई है कि कारोबारी संबंधों में तनाव चल रहा था। इस पूरे मामले में किसी भी तरह की लूटपाट सामने नहीं आई है। जानने वाले लोग ही घर में घुसे थे। घर में जबरन घुसने का कोई सबूत नहीं मिला है। किसी तरह की तोड़फोड़ भी नहीं हुई है। दोनों लोगों की गला दबाकर हत्या की गई है। सुनीता नाथ के फोन में एक रिकॉर्डिंग मिली है। सुनीता नाथ ने यह फोन अपने दामाद को किया था। जिसमें उन्होंने दामाद को बताया कि नीचे महफिल चल रही है। कुछ लोग घर आए हैं और शराब पी रहे हैं। उन्होंने ऐसा करने के लिए मना किया था।

हत्यारे जल्दी गिरफ्त में होंगे : डीसीपी
शहर में दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद संबंधित पुलिस अफसरों को हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने का आदेश दिया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन जानकारी के आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के पूरे इलाके से सीसीटीवी फुटेज निकाली गई हैं। उनका विश्लेषण किया जा रहा है। नरेंद्र नाथ और सुनीता नाथ की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही हैं। उनका भी विश्लेषण किया जाएगा। उनके कारोबारी रिश्तो की छानबीन की जा रही है। जिन लोगों से लेनदेन चल रहा था, उनकी भी लिस्ट बनाई गई है। पुलिस की 5 टीम मामले का खुलासा करने के लिए गठित की गई हैं। बहुत जल्दी हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.