कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने पदाधिकारियों संग बनाई रणनीति, बोले- ‘जीत हमारी होगी’

गौतमबुद्ध नगर पंचायत चुनाव: कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने पदाधिकारियों संग बनाई रणनीति, बोले- ‘जीत हमारी होगी’

कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने पदाधिकारियों संग बनाई रणनीति, बोले- ‘जीत हमारी होगी’

Tricity Today | पत्रकारों से वार्ता करते कानून मंत्री ब्रजेश पाठक

गौतमबुद्ध नगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश भाजपा के कई कद्दावर नेता और मौजूदा सरकार में मंत्री आए दिन नोएडा का दौरा कर रहे हैं। दरअसल प्रदेश में सबसे कम जिला पंचायत की सीटों वाले जिले में पार्टी कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। इसलिए पंचायत चुनाव में सभी 5 वार्ड पर प्रत्याशियों की जीत के लिए सारे समीकरण बैठाए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को सूबे के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक और पंचायत चुनाव संयोजक संजय राय ग्रेटर नोएडा के आईआईएमटी कॉलेज पहुंचे। वहां गौतमबुद्ध नगर भाजपा के सभी पदाधिकारी और विधायक मौजूद रहे। यहां हुई अहम बैठक में सभी प्रत्याशियों को जिताने की रणनीति पर मंथन हुई।

पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी की उपलब्धियां लेकर जाएंगे
बैठक के बाद एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी कोई कमी नहीं छोड़ेगी। भाजपा पंचायत चुनाव में भी पूरी ताकत से लड़ रही है। मीडिया से बात करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने आगे बताया कि वो पीएम मोदी के नारे सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास को लेकर जनता के बीच जाएंगे। पार्टी लोगो को सरकार की उपलब्धियां बताते हुए चुनाव लड़ेंगी। भारतीय जनता पार्टी बीते 8-9 महीने से इन चुनावों की तैयारी में लगी हुई है।

विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है  
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के सभी वार्ड में भाजपा की जीत होगी। जनता को भाजपा पर विश्वास है। हमारे कार्यकर्ता भी अथक श्रम कर रहे हैं। पंचायत चुनाव में भी सभी विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन आम जनता इनको पहले की तरह ही जवाब देगी। बैठक में भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं पंचायत चुनाव संयोजक संजय राय ने कहा कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने इन चुनावों को बड़ी गंभीरता से लिया है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिथियों और पदाधिकारियों से चुनाव प्रचार में पूरी तरह जुटने का आह्वान किया। 

विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे
इस अहम बैठक में शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा, जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, पूर्व मंत्री और गन्ना संस्थान के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व कैबिनेट मंत्री वेदराम भाटी और पूर्व जिलाध्यक्ष रक़म सिंह भाटी मौजूद रहे। इनके अलावा सत्यपाल सिंह सैनी, जिला अध्यक्ष विजय भाटी, पूर्व महानगर अध्यक्ष योगेन्द्र चौधरी, मुकेश नागर, आशीष वत्स, जिला महामंत्री मनोज गर्ग, दीपक भारद्वाज, धर्मेन्द्र, कर्म वीर आर्य, अजीत मुखिया, सचिन शर्मा, सुनील भाटी, पंकज कसाना समेत जिला भाजपा संगठन के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.