ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने 3 घंटों में 2 पेट्रोल पम्प का 10 लाख कैश लूटा

ताबड़तोड़ लूटपाट : ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने 3 घंटों में 2 पेट्रोल पम्प का 10 लाख कैश लूटा

ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने 3 घंटों में 2 पेट्रोल पम्प का 10 लाख कैश लूटा

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

ग्रेटर नोएडा में बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े लूटपाट की दो वारदातों को अंजाम दिया है। बड़ी बात यह है कि दोनों वारदातों में लुटेरों ने पेट्रोल पम्प का कैश लूटा है। महज तीन घंटों के अंतराल पर ही इन दोनों वारदातों से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पहली लूट सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई है। दूसरी वारदात बीटा टू कोतवाली क्षेत्र में हुई है। सूरजपुर में हुई लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है।

शुक्रवार की सुबह सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में बुलेट बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों को निशाना बनाया। बदमाशों ने कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लिया और उनकी स्कूटी लूट ली। स्कूटी में आठ लाख रुपए कैश रखा था। बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। दूसरी वारदात भी कुछ इसी तरह हुई है। यहां बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों से दो लाख रुपए लूट लिए। पुलिस ने दोनों घटनाओं में एफआईआर दर्ज कर ली हैं। पुलिस ने 6 टीमों का गठन करके लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

बुलेट बाइक सवार बदमाशों ने देवला में आठ लाख रुपये लूटे : सूरजपुर-दादरी मार्ग पर देवला गांव के पास कर्णवाल पेट्रोल पंप है। मिली जानकारी के मुताबिक पेट्रोल पम्प के सुपरवाइजर अर्जुन और कर्मचारी अंकित शुक्रवार की सुबह करीब 11:00 बजे पेट्रोल पंप से आठ लाख रुपये कैश लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। अर्जुन और अंकित स्कूटी से जा रहे थे। स्कूटी अर्जुन चला रहे थे। पैसा स्कूटी की डिग्गी में रखा था। जब ये दोनों लोग सूरजपुर डाकघर के पास पहुंचे तो बुलेट बाइक पर सवार दो बदमाश आए। बदमाशों ने इनकी स्कूटी को ओवरटेक करके दोनों को रोक लिया। नकाबपोश बदमाशों ने अर्जुन और अंकित पर पिस्टल तान दी। दोनों को गोली मारने की धमकी दी। दोनों कर्मचारियों से स्कूटी लूट ली। एक बदमाश बुलेट और दूसरा स्कूटी लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों को तलाश किया, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका है।

इसके बाद सेक्टर डेल्टा पेट्रोल पंप का दो लाख कैश लूटा : इसके बाद लुटेरों ने सेक्टर डेल्टा के पेट्रोल पंप का दो लाख कैश लूटा है। बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क के सामने शुक्रवार की दोपहर यह लूट हुई है। करीब 3:00 बजे सेक्टर डेल्टा एक में स्थित पेट्रोल पंप के दो कर्मचारी प्रवेश कुमार और रविकांत को कार सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। कार सवार बदमाशों ने कर्मचारियों से दो लाख रुपए कैश लूट लिया। कर्मचारी बाइक से कैश लेकर एचडीएफसी बैंक में जमा करने जा रहे थे। कार सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की बाइक में टक्कर मारकर पहले उन्हें नीचे गिराया। इसके बाद हथियार के दम पर कैश लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने कहा- बाकायदा रेकी करके दोनों लूट की गई हैं : ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से कैश लूट की वारदातों को रेकी करके अंजाम दिया गया है। दोनों घटनाओं में बदमाशों को कैश की जानकारी है। बदमाशों को पता था कि कर्मचारी कैश लेकर जा रहे हैं। सूरजपुर की घटना में कर्मचारियों ने कैश को स्कूटी की डिग्गी में छिपाकर रखा था। बदमाशों को पता था कि कैश स्कूटी की डिग्गी में रखा है। दूसरी घटना में भी बदमाशों ने पहले बाइक में टक्कर मारी और फिर कर्मचारी से कैश लूटा है। दोनों पेट्रोल पम्प के कर्मचारी कैश लेकर बैंक जा रहे थे। यह जानकारी भी लुटेरों को थी।

सूरजपुर इंस्पेक्टर सस्पेंड, बीटा टू इंस्पेक्टर पर एक्शन सम्भव : गौतमबुद्ध नगर पुलिस के कमिश्नर आलोक सिंह ने सूरजपुर कोतवाली के प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी को निलंबित कर दिया है। शुक्रवार को शहर में दिनदहाड़े हुई लूटपाट की घटनाओं से लोगों में भय व्याप्त है। बीटा दो कोतवाली प्रभारी पर भी गाज गिर सकती है। ग्रेटर नोएडा में लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। दादरी में एक सप्ताह पहले बदमाशों ने चावल व्यापारी से 13 लाख रुपये लूट लिए थे। उस वारदात में पुलिस के पास अब तक कोई सुराग नहीं है। जिसके चलते कस्बे के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा में सॉफ्ट टारगेट रहे हैं पेट्रोल पम्प के कर्मचारी : ग्रेटर नोएडा में पेट्रोल पम्प के कर्मचारी हमेशा से सॉफ्ट टारगेट रहे हैं। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से 28 जून 2019 को जेवर में पेट्रोल पंप में कुछ बदमाशों ने लूट का प्रयास किया था। इस दौरान वहां मौजूद एक कर्मचारी ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। गोली की आवाज सुनकर दौड़े अन्य कर्मचारी को देखकर बदमाश मौके से भाग गए थे। 27 सितंबर 2016 को दादरी के चिठेड़ा गांव में एक पेट्रोल पम्प का कर्मचारी जितेंद्र बाइक से 13 लाख रुपये कैश लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। उसे बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके लूट की। विरोध करने पर सिर में पिस्टल की बट मार दी और बैग लेकर फरार हो गए।

लुटेरों की बुलेट बाइक पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था : सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई घटना में पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों की बुलेट के पीछे पुलिस का स्टीकर लगा था। पीड़ितों ने बताया कि भाषा से बदमाश स्थानीय लग रहे थे। उनकी बाइक पर एक जाति का स्टीकर भी लगा था। पुलिस पीड़ितों से पूछताछ के बाद लुटेरों की तलाश में जुटी है। इस बारे में गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी सेंट्रल हरिश्चंद्र का कहना है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी से लूट की घटना में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को कुछ ठोस सुराग हाथ लगे हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.