देश का पहला सबसे लंबा पिलर रहित लोहे का पुल अगले महीने होगा तैयार, ग्रेटर नोएडा-दादरी को मिलेगी खास सौगात

ग्रेटर नोएडा : देश का पहला सबसे लंबा पिलर रहित लोहे का पुल अगले महीने होगा तैयार, ग्रेटर नोएडा-दादरी को मिलेगी खास सौगात

देश का पहला सबसे लंबा पिलर रहित लोहे का पुल अगले महीने होगा तैयार, ग्रेटर नोएडा-दादरी को मिलेगी खास सौगात

Google Image | आरओबी फरवरी तक बन कर तैयार हो जाएगा

गौतमबुद्ध नगर के निवासियों के लिए बड़ी खबर है। अब दादरी-ग्रेटर नोएडा के बीच लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा - दादरी की बीच रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण लगभग पूरा हो गया है और इसे जल्दी ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के लोग पिछले 6 साल से इस आरओबी के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। बड़ी बात यह है कि इस रेलवे ट्रैक पर बन रहे आरओबी में कोई पिलर नहीं लगाया गया है। इस तरह का यह देश का पहला और सबसे लंबा लोहे का पुल है, जिसे बिना पिलर सपोर्ट दिए बनाया गया है। सेतु निगम ने पुल के दोनों तरफ सड़क का खाका खींचा है। मार्च में इस पुल को सड़क से जोड़ने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद  लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। 

दरअसल दादरी व्यापार के लिहाज से गौतमबुद्ध नगर के पुराने केंद्रों में से एक है। ग्रेटर नोएडा का विकास होने के बाद दादरी की तरफ आवाजाही में भारी बढ़ोत्तरी हो गई। भारी भीड़ के आवागमन के चलते दादरी रेलवे फाटक पर यातायात का दबाव बढ़ गया। फाटक पर वाहन घंटों कतारों में फंसे रहते। मामला प्रशासन के लिए सिरदर्द था। इसलिए दादरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने की योजना बनाई गई। इसको बनाने का काम सेतु निगम को सौंपा गया। इस तरह के निर्माण कार्य में सेतु निगम दक्ष है। रेलवे ब्रिज पर दोनों तरफ सड़क का ढांचा बनाने की जिम्मेदारी भी सेतु निगम को सौंपी गई। सेतु निगम ने 2015 में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया और महज 2 साल में ढांचा बनाकर तैयार कर दिया। 

पुल पर चढ़ने उतरने के लिए दोनों तरफ 1506 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया गया है। रेलवे ट्रैक पर पुल और इसके निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय रेलवे की थी।  रेलवे ने भी अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। इस आरओबी के लिए इंद्रधनुष के आकार का 118 मीटर लंबे पुल का डिजाइन बनाया गया। इसे बनाने का कॉट्रेक्ट 2017 में स्पेश कैम इंटरप्राइजेज को सौंपा गया। पुल की लागत 25 करोड़ और इसे बनाने की समय सीमा फरवरी, 2020 निर्धारित की गई। कंपनी ने 2019 में एक तरफ का पुल तैयार भी कर दिया। इस पुल को आम जनता के लिए खोल भी दिया गया, पर कंपनी दूसरी तरफ का पुल वक्त पर तैयार न कर सकी। इसके लिए कंपनी पर जुर्माना भी लगाया गया।

ग्रेटर नोएडा-दादरी के बीच पुल का निर्माण फरवरी तक कंप्लीट हो जाएगा। इसके बाद पुल को सेतु निगम को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद सेतु निगम सड़क से पुल को जोड़ने का काम पुरा करेगा। फिलहाल मार्च तक सड़क और पुल के जोड़े जाने का काम पूरा हो जाएगा। अप्रैल के पहले सप्ताह तक दादरी आरओबी आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।  इस आरओबी का काम पूरा होने के बाद दादरी लोगों को खास फायदा होगा। उनके लिए जिला मुख्यालय पहुंचना आसान हो जाएगा। लोगों को भारी जाम से राहत मिल जाएगी। साथ ही दादरी में व्यापार, विकास और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। इस आरओबी को लेकर स्थानीय लोग भी खुश हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.