इनोवा में मिले अवैध मांस मामले में शामिल एक शख्स गिरफ्तार, मोबाइल से मिली जानकारी, जानें पूरी घटना

Greater Noida Breaking : इनोवा में मिले अवैध मांस मामले में शामिल एक शख्स गिरफ्तार, मोबाइल से मिली जानकारी, जानें पूरी घटना

इनोवा में मिले अवैध मांस मामले में शामिल एक शख्स गिरफ्तार, मोबाइल से मिली जानकारी, जानें पूरी घटना

Social Media | गिरफ्तार आरोपी

ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को प्रतिबंधित मांस से भरी दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार मिलने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके द्वारा दी हुई जानकारी के आधार पर तीन अन्य की तलाश की जा रही है। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी निरीक्षक वरूण पंवार ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के वक्त मांस लदे होने की वजह से आरोपी डर गए और आनन-फानन में मौके से फरार हो गए। मगर एक आरोपी का मोबाइल कार में छूट गया। पकड़ा गया अभियुक्त इसरार मूलतः बुंलदशहर का रहने वाला है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अच्छी तरह छानबीन की। इस दौरान पुलिस को मोबाइल मिला। मोबाइल के जरिए पुलिस ने मांस के तस्करों के बारे में पूरी जानकारी हासिल की। उसके आधार पर इनकी गिरफ्तारी की रणनीति बनाई गई। इसी दौरान शनिवार की देर रात करीब 11:30 बजे एक आरोपी इसरार को झट्टा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उससे अन्य अभियुक्तों के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

दिल्ली से लेकर निकले थे
पूछताछ में इसरार ने बताया कि वे इनोवा कार में मीट भरकर दिल्ली से निकले थे और एक्सप्रेसवे के रास्ते बुलंदशहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-160 के करीब इनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बजरंग दल और कुछ स्थानीय संगठनों को जब इसका पता चला, तो आसपास के गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। लोगों को मौके से हटाया गया था और मांस के सैंपल की जांच कराई गई थी।

यह है पूरा मामला
ग्रेटर नोएडा के आसपास के इलाके में लगातार प्रतिबंधित मवेशियों के मांस मिल रहे हैं। लोग इसको लेकर गुस्से में हैं और नाराजगी जता रहे हैं। शुक्रवार की सुबह नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के झट्टा बडौली गांव में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को एक दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार में प्रतिबंधित मवेशियों का मांस मिला। इसकी सूचना आग की तरह आसपास के इलाकों में फैल गई। गांव वालों को जब पता चला कि गांव के इनोवा कार में मवेशियों के मांस के लोथड़े मिले हैं, तो वहां पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। 

ग्रामीणों ने लगाया आरोप
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। लोगों ने घटना क्रम को पुलिस को बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। भारी भीड़ को देखते हुए एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस हर बार आश्वासन देकर चली जाती है। कोई उचित कार्रवाई नहीं कर पा रही है। दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कार कार चालक फरार हो गया था। 

कार में मिले मोबाइल से हमें आरोपियों का पता लगाने में बहुत मदद मिली। शुक्रवार को ही सभी की पहचान कर ली गई थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही बाकी भी कानून के शिकंजे में होंगे। 
-वरूण पंवार, थाना प्रभारी निरीक्षक – नॉलेज पार्क

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.