25 हजार के इनामी सीरियल रेपिस्ट को मुठभेड़ में लगी गोली, पिछले महीने मिली थी बेल, अब फिर पहुंचा जेल

ग्रेटर नोएडा: 25 हजार के इनामी सीरियल रेपिस्ट को मुठभेड़ में लगी गोली, पिछले महीने मिली थी बेल, अब फिर पहुंचा जेल

25 हजार के इनामी सीरियल रेपिस्ट को मुठभेड़ में लगी गोली, पिछले महीने मिली थी बेल, अब फिर पहुंचा जेल

Tricity Today | पुलिस की गिरफ्त में बदमाश

ग्रेटर नोएडा की थाना सूरजपुर पुलिस ने सोमवार की देर रात बलात्कार और लूट में वांछित एक 25 हज़ार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के पीछे हुई। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जिसे, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर लूट और बलात्कार के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पिछले महीने फरवरी में जमानत पर यह रिहा हुआ था। पुलिस को इसके कब्जे से 1 अवैध तमंचा, 1 खोखा और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

हमीरपुर का रहने वाला है
डीसीपी (महिला सुरक्षा) वृंदा शुक्ला ने मुठभेड़ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरिशंकर पुत्र रामप्रकाश, गांव-उमरी, थाना-वीवार, जिला-हमीरपुर, उत्तर प्रदेश वर्तमान मे ईटा-1 मे रह रहा था। ये बदमाश बड़ा ही शातिर किस्म का अपराधी है। अब तक कई लूट और बलात्कार की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। सूचना के आधार पर सोमवार की देर रात ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 

सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम देता था
डीसीपी ने बताया कि गत 25 फरवरी को थाना सुरजपुर में एक रेप की घटना की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन की, तो पता चला कि एक सीरियल रेपिस्ट इन पूरी वारदातों के पीछे है। इसने 2019 में भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। ये सीरियल रेपिस्ट सुनसान इलाकों में जा रही महिलाओं को झाड़ियों में खींच कर बलात्कार करता था। फिर फरार हो जाता था। इसे इसी साल फरवरी में बेल मिली थी। इसके बाद इसने चार घटनाओं को अंजाम दिया। 

पहले से दर्ज हैं मामले
थाना सूरजपुर में इसके खिलाफ 6 लूट, चोरी और बलात्कार के मुकदमे दर्ज थे। जिसके बाद टीम गठित कर पुलिस इसकी तलाश में जुट गई थी। बदमाश को ढूंढ़ते हुए एक टीम इसके गृहजनपद हमीरपुर भी गयी। लेकिन ये नही मिला। सोमवार की देर रात थाना सूरजपुर को सूचना मिली कि वांछित ग्रेटर नोएडा ऑथोरिटी के पीछे है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इसका पीछा किया। इसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। 

फास्टट्रैक कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली इसके पैर में लग गयी। ये बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि इसे फास्टट्रैक कोर्ट में पेश किया जाएगा और जल्द से जल्द सजा दिलवाया जाएगा। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से 1 तमंचा, 1 खोखा और एक 1 जिंदा कारतूस बरामद किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.