दादरी-बोड़ाकी के बीच रेलवे ट्रैक धंसने से रूकी राजधानी एक्सप्रेस, बड़ा हादसा होने से टला

Greater Noida Breaking: दादरी-बोड़ाकी के बीच रेलवे ट्रैक धंसने से रूकी राजधानी एक्सप्रेस, बड़ा हादसा होने से टला

दादरी-बोड़ाकी के बीच रेलवे ट्रैक धंसने से रूकी राजधानी एक्सप्रेस, बड़ा हादसा होने से टला

Google Image | पटरी की मरम्मत करते कर्मचारी

ग्रेटर नोएडा के दादरी-बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के बीच रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इन दोनों स्टेशनों के बीच पल्ला गांव के नजदीक रेल की पटरी धंस गई थी। उसी वक्त डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस पटरी से गुजरने वाली थी। वक्त रहते इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को मिल गई। ट्रेन को क्षतिग्रस्त पटरी से पहले ही रोक दिया गया। डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन करीब 45 मिनट तक खड़ी रही। इस दौरान मालगाड़ी समेत करीब एक दर्जन ट्रेनों को नई दिल्ली-बोड़ाकी स्टेशनों के बीच रोका गया था। मरम्मत के बाद ही संचालन सामान्य हो सका।

बोड़ाकी के पल्ला नहर के पास रेलवे लाइन धंसने से ट्रेनों को रोकना पड़ा। इस दौरान यात्रियों को खासी परेशानी हुई। दादरी रेलवे स्टेशन मास्टर मुनिराज मीणा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया रेलवे पटरी धंसने की वजह का पता लगाया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को रोकना पड़ा था। मरम्त कार्य होने के पश्चात करीब 45 मिनट के बाद आवाजाही सामान्य हुई। सभी बाधित ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

लोकल ट्रेनों से मिल रहा फायदा
रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ ही एक मार्च से हाथरस-नई दिल्ली और अलीगढ़-नई दिल्ली लोकल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। दिल्ली-हावड़ा रूट पर एक मार्च से दिल्ली-अलीगढ़ और हाथरस-दिल्ली के बीच चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। चारों ट्रेनें इन दोनों स्टेशनों के बीच के सभी स्टेशनों पर रुक रही हैं। इससे रोज यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिली है। लेकिन बढ़े किराए को लेकर उनकी पीड़ा महसूस की जा सकती है। दरअसल इन ट्रेनों का किराया एक्सप्रेस ट्रेन के बराबर रखा गया है। कम आय वाले रोजमर्रा के मुसाफिरों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।

पहली ट्रेन
ट्रेन संख्या 04417 सुबह 6:10 बजे हाथरस से दिल्ली के लिए चलती है। ये ट्रेन अलीगढ़ और हाथरस से दिल्ली के बीच के सभी स्टेशनों पर रुकती है। सुबह 8:19 बजे यह ट्रेन दादरी स्टेशन पर पहुंचती है। 

दूसरी ट्रेन
ट्रेन संख्या 04415 अलीगढ़ से सुबह 6:20 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होती है। यह सुबह 7:52 बजे दादरी पहुंचती है। 

वापसी का टाइम टेबल
यह ट्रेन दिल्ली से हाथरस के लिए शाम 5:55 बजे रवाना होती है। इसी तरह, नई दिल्ली से अलीगढ़ के लिए शाम 6:20 बजे निकलती है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.