गोरखपुरी महेश शुक्ला ग्रेटर नोएडा में करेंगे 200 करोड़ का निवेश, 2000 युवकों को मिलेंगे रोजगार के अवसर

UP Global Investors Summit : गोरखपुरी महेश शुक्ला ग्रेटर नोएडा में करेंगे 200 करोड़ का निवेश, 2000 युवकों को मिलेंगे रोजगार के अवसर

गोरखपुरी महेश शुक्ला ग्रेटर नोएडा में करेंगे 200 करोड़ का निवेश, 2000 युवकों को मिलेंगे रोजगार के अवसर

Tricity Today | गोरखपुरी महेश शुक्ला ग्रेटर नोएडा में करेंगे 200 करोड़ का निवेश

Greater Noida : गोरखपुर के रहने वाले युवा कारोबारी महेश शुक्ला ग्रेटर नोएडा में 200 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। फिनटेक सेक्टर में तेजी से उभरती उनकी कंपनी पेमी ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कंपनी ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। इस मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग के मुताबिक पेमी यमुना अथाॅरिटी क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस निवेश के जरिये करीब दो हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। कंपनी का फोकस प्रशिक्षण और स्किल विकसित करने के संसाधनों पर होगा।

समझौते पर आठ फरवरी को यमुना अथाॅरिटी के ग्रेटर नोएडा स्थित मुख्यालय में हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से यूपी इनवेस्टर्स समिट के नोडल ऑफिसर और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथाॅरिटी के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) शैलेंद्र भाटिया ने हस्ताक्षर किए। पेमी की तरफ से कंपनी के डायरेक्टर मानव मुंजाल और वाइस प्रेसीडेंट (मानव संसाधन) विशाल रंजन मौजूद रहे।

पेमी के संस्थापक और सीईओ महेश शुक्ला ने प्रदेश से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए इस मौके पर कहा कि वह गोरखपुर के रहने वाले हैं। जो उत्तर प्रदेश का एक टियर-टू जिला है। वहां अच्छी शिक्षा प्राप्त कर नौकरी हासिल करने के पर्याप्त मौके नहीं थे। अब समाज को कुछ वापस करने का समय आया है। यह हमारी जिम्मेदारी बनती है कि उत्तर प्रदेश इनवेस्टर समिट इनिशिएटिव का हिस्सा बनें। हमारा लक्ष्य प्रदेश की उन्नति और विकास की यात्रा में सहभागी बनना है। मेरे लिए गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की छवि को बदल दिया है। मैंने गोरखपुर और प्रदेश के बाकी हिस्सों का बुरा हाल देखा है। आज उत्तर प्रदेश के प्रति बिजनेस कम्युनिटी आशान्वित है।

महेश शुक्ला ने आगे कहा, "हमारी कंपनी की ओर से 200 करोड़ रुपये का निवेश यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में किया जाएगा। इससे फिनेटक सेक्टर में 2,000 नौकरी पैदा होंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि कंपनी नौकरियों के सृजन में तेज गति से बढ़ोतरी करने में सफल साबित होगी। पिछले सालों के मुकाबले कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में करीब छह गुना अधिक इजाफा किया जाएगा।" कंपनी का अनुमान है कि अगले पांच साल में पांच हजार रोजगार पैदा किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश कारोबार को सुगम बनाने की श्रेणी में चमकता हुआ राज्य है।" महेश शुक्ला ने कहा कि हम इस निवेश को लेकर रोमांचित हैं और जल्द इसे शुरू करने के उत्सुक हैं। उन्होंने कहा' "पेमी पहली फिनटेक कंपनी है, जो उत्तर प्रदेश इनवेस्टर समिट जरिये सूबे में निवेश कर रही है। प्रदेश की बढ़ती इकोनाॅमी में कंपनी उल्लेखनीय योगदार करेगी। इस निवेश से प्रदेश में फिनटेक सेक्टर में उन्नति और विकास होगा। इससे क्षेत्रीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मुहैया होंगे।"

पेमी के बारे में 
पेमी भारत की उभरती फिनेटक कंपनी है। नोएडा स्थित इस कंपनी की स्थापना 2016 में हुई थी। कंपनी कारपोरेट और व्यक्तिगत स्तर पर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है। जाने माने बैंकर व वित्तीय सलाहकार महेश शुक्ला व संदीप सिंह ने कंपनी शुरू की। पेमी देश की टाॅप उभरते हुए 30 फिनटेक स्टार्टअप में से एक है। कंपनी का उद्देश्य तकनीक और इनोवेशन के दम पर फिनेटक में नेतृत्व करना है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.