यमुना प्राधिकरण ने कमाए 2500 करोड़ रुपये, कोरोना काल के बावजूद सारे रिकॉर्ड तोड़े

BIG NEWS: यमुना प्राधिकरण ने कमाए 2500 करोड़ रुपये, कोरोना काल के बावजूद सारे रिकॉर्ड तोड़े

यमुना प्राधिकरण ने कमाए 2500 करोड़ रुपये, कोरोना काल के बावजूद सारे रिकॉर्ड तोड़े

Tricity Today | यमुना प्राधिकरण को 2500 करोड़ रुपये की आय हुई है

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Authority) से बड़ी खबर आई है। चालू वित्त वर्ष (1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021) में अब तक प्राधिकरण ने 2000 करोड़ रुपये आमदनी हासिल की है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि यह वित्त वर्ष खत्म होने यानी 31 मार्च 2021 तक प्राधिकरण की आय ढाई हजार करोड़ रुपए हो जाएगी। यह एक रिकॉर्ड है। अब तक यमुना प्राधिकरण ने किसी एक वित्त वर्ष में कितना राजस्व हासिल नहीं किया है।

इस वित्त वर्ष की शुरुआत कोरोनावायरस संक्रमण के कारण लॉकडाउन पीरियड में हुई थी। 22 मार्च 2020 को राष्ट्रव्यापी तालाबंदी लागू हो गई थी। जिसके बावजूद यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्राधिकरण को स्थापना के बाद से लेकर अब तक किसी एक फाइनैंशल ईयर में सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिला है। दरअसल, लॉकडाउन पीरियड में भी यमुना प्राधिकरण आवासीय, औद्योगिक, संस्थागत और तमाम दूसरी भूखंड योजनाएं लांच करता रहा। प्राधिकरण ने भूखंडों का आवंटन करने के लिए ऑनलाइन मोड का इस्तेमाल किया। जिसका खासा लाभ मिला है। इस युक्ति की बदौलत प्राधिकरण इस फाइनेंशियल ईयर में ढाई हजार करोड़ रुपए अर्जित कर लेगा।

यमुना सिटी को 7500 करोड रुपए का निवेश मिला
इन निवेश परियोजनाओं में से 7,500 करोड़ रुपये के निवेश मिले हैं। इन औद्योगिक इकाइयों में करीब 2 लाख लोगों को रोजगार मिलेंगे। इस वित्त वर्ष में यमुना प्राधिकरण ने 566 एकड़ क्षेत्रफल में 871 भूखंडों का आवंटन किया है। इनमें सेक्टर-29 और सेक्टर-33 में अपैरल पार्क (124 भूखण्ड), हस्तशिल्प पार्क (76 भूखण्ड), एमएसएमई पार्क (516 भूखण्ड) और खिलौना (टॉय) पार्क (111 भूखण्ड) के लिए किए गए आवंटन किया गया है। इस वित्त वर्ष के दौरान प्राधिकरण अलग-अलग तरह की 10 भूखंड आवंटन योजनाएं लॉन्च की हैं।

जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी ने बड़ा लाभ पहुंचाया
इसी वित्त वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे फिल्म सिटी प्रोजेक्ट की घोषणा की है। जिसके लिए यमुना अथॉरिटी ने 1000 एकड़ जमीन आरक्षित की है। फिल्म सिटी के लिए डीपीआर और मास्टर प्लान पर तेजी के साथ काम चल रहा है। पिछले दिनों डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रेजेंटेशन दिया था। पिछले एक वर्ष के दौरान कोरोना काल के बावजूद प्रदेश सरकार, यमुना प्राधिकरण और जूरिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट एजी ने मिलकर तमाम कानूनी, प्रशासनिक और कॉरपोरेट औपचारिकताएं पूरी की हैं। इन दोनों परियोजनाओं की वजह से यमुना प्राधिकरण को बड़ा फायदा मिला है।

यमुना प्राधिकरण ने करीब 1000 करोड रुपए कर्ज कम किया
करोना काल के बावजूद यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। आमदनी बढ़ाने और महत्वकांक्षी परियोजनाओं को परवान चढ़ाने के साथ-साथ प्राधिकरण पर चल रहे कर्ज को घटाया है। करीब एक साल पहले तक यमुना प्राधिकरण पर ढाई हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। चालू वित्त वर्ष के दौरान वित्तीय संस्थाओं, बैंकों और नोएडा अथॉरिटी को प्राधिकरण ने 1000 करोड़ रुपए लौटाए हैं। हालांकि, अभी यमुना प्राधिकरण पर करीब डेढ़ हजार करोड़ रुपए का कर्ज बाकी है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह का कहना है कि अगले 2 वर्षों में प्राधिकरण कर्ज मुक्त हो जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.