स्वास्थ्य मंत्री ने बिसरख सामुदायिक केंद्र में पौधारोपण किया, कहा- ‘सीएम योगी के सपने को साकार करें’

बड़ी खबरः स्वास्थ्य मंत्री ने बिसरख सामुदायिक केंद्र में पौधारोपण किया, कहा- ‘सीएम योगी के सपने को साकार करें’

स्वास्थ्य मंत्री ने बिसरख सामुदायिक केंद्र में पौधारोपण किया, कहा- ‘सीएम योगी के सपने को साकार करें’

Tricity Today | चिकित्सा-स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह

उत्तर प्रदेश के चिकित्सा-स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा शिशु कल्याण मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री जय प्रताप सिंह आज अपने दौरे के दूसरे दिन बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के महत्वकांक्षी वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में पौधा लगाया। उन्होंने हर्बल गार्डन बिसरख का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम से सम्बन्धित अधिकारियों को आदेश देते हुए यथाशीघ्र अपनी तैयारियां पूरी करने को कहा। ताकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनपद मे वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। 

उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर 0 -12 वर्ष तक के बच्चों के लिए कोरोना की दवाईयों की किट वितरण अभियान का फीता काटकर शुभारम्भ किया। कहा कि प्रदेश सरकार सीएम योगी के कुशल नेतृत्व में कोरोना संक्रमण और इसकी तीसरी लहर को फैलने से रोकने के उद्देश्य हर संभव प्रयास कर रही है। बच्चों को कोरोना की तीसरी लहर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से घर-घर निशुल्क मेडिसिन किट का वितरण किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य केन्द्र बिसरख में उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शपथ दिलायी गयी। उत्तर प्रदेश सरकार मच्छर जनित बीमारियों से सभी नागरिकों को निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है।

2 करोड़ 68 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण किया 
प्रभारी मंत्री जय प्रताप सिंह ने दादरी ब्लॉक के गांव खटाना धीरखेड़ा का दौरा किया। वहां 2 करोड़ 68 लाख 98 हजार रूपये की लागत से निर्मित गौशाला तथा विभिन्न निर्माण-विकास कार्यों का लोकापर्ण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया। उनको प्रमाण पत्र वितरित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, विश्वकर्मा श्रम कल्याण योजना, एक जनपद-एक उत्पाद के तहत टूलकिट योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वेजिटेबल सीड्स किचन गार्डन सेट योजना, कौशल विकास योजना के लाभार्थियों को लाभ दिया। 

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने जताया आभार
दादरी विधानसभा से भाजपा के विधायक तेजपाल नागर ने जय प्रताप सिंह का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं आपके प्रयास से विधानसभा दादरी का चहुंमुखी विकास हुआ है। सभी आम नागरिकों का आह्वान करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वकांक्षी कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध करायी एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके दिए सभी दिशानिर्देशों का पालन कराया जाएगा। 

नागरिकों तक पहुंचेगीं योजनाएं
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी महत्वकांक्षी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में एमएलसी विधायक श्रीचन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष विजय भाटी, उप जिला अधिकारी दादरी आलोक कुमार गुप्ता, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपक ओहरी, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विकास अधिकारी अनवर शेख, पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र बहादुर सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी, खण्ड विकास अधिकारी नेहा सिंह, जिला उद्यान अधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.