दादरी के डूडा कॉलोनी में घरों में घुसा पानी, सड़कें तालाब बनीं, पार्षद ने नगर पालिका अध्यक्ष से बड़ी मांग की

चिंताजनक : दादरी के डूडा कॉलोनी में घरों में घुसा पानी, सड़कें तालाब बनीं, पार्षद ने नगर पालिका अध्यक्ष से बड़ी मांग की

दादरी के डूडा कॉलोनी में घरों में घुसा पानी, सड़कें तालाब बनीं, पार्षद ने नगर पालिका अध्यक्ष से बड़ी मांग की

Google Image | सड़कें तालाब बनीं

Greater Noida : दादरी नगर पालिका के वार्ड नंबर-15 से पार्षद सुमित बैसोया ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा गीता पंडित और अधिशासी अधिकारी को एक खत लिख कर वार्ड के डूडा कॉलोनी में मुख्य सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही पार्षद ने कॉलोनी में जमा गंदे पानी की निकासी कराए जाने के लिए पत्र लिखा है। दरअसल इस कॉलोनी में सड़क टूटी हुई है। गंदे नाले का पानी यहां जमा है। लोगों को घुटनों तक पानी में आना जाना पड़ता है।

पार्षद ने लिखा है कि, ‘डूडा कॉलोनी जीटी रोड दादरी की मुख्य सड़क फिलहाल क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह सड़क टूटने से गड्ढे बन गए हैं। सड़क के किनारे बने नाले के गंदे पानी की निकासी की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इस वजह से गंदा पानी फ्लैट में भरने लगा है। कॉलोनी में रहने वाले बच्चे-बूढ़े, महिलाएं सभी को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वह सब नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।’

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पार्षद ने लिखा है, ‘साथ ही सड़क पर बने गड्ढों, कीचड़ और जलभराव की वजह से बाइक तथा अन्य वाहनों के फिसलने का डर है। वाहन कभी भी फिसल कर गंदे नाले में गिर सकते हैं। इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस सड़क का निर्माण कराए जाने के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जा चुका है। इसलिए लोगों की समस्याओं को देखते हुए डूडा कॉलोनी की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र कराया जाए।’  

पार्षद सुमित बैसोया ने आगे लिखा है, ‘डूडा कॉलोनी में बने फ्लैट में नाले का गंदा पानी भरा रहता है। फिलहाल जारचा रोड के नाले में आने वाला आधी दादरी का गंदा पानी भी इसी नाले में गिर रहा है। यह डूडा कॉलोनी के बिल्कुल पास से निकल रहा है। बरसात की वजह से इस नाले का पानी सभी फ्लैट में भर रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। ड्यूटी आने-जाने वाली महिलाओं को भी समस्या हो रही है। इसके अलावा वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।’ 

पार्षद ने आगे कहा है, ‘पानी जमा होने और गंदगी की वजह से मच्छर बहुत अधिक हो गए हैं। इस वजह से डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी फैलने की प्रबल संभावना बनी हुई है। सफाई ना होने से यहां बड़ी घास उग गई है। अगर समय रहते फ्लैट से गंदे पानी की निकासी नहीं कराई गई, तो गंभीर बीमारियां यहां अपना प्रकोप दिखा सकती हैं। इसलिए जल्द यहां जमा गंदे पानी को निकाला जाए।’

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.