रबूपुरा नगर पंचायत निर्विरोध निर्वाचित होगी, अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इतिहास रचा : रबूपुरा नगर पंचायत निर्विरोध निर्वाचित होगी, अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन

रबूपुरा नगर पंचायत निर्विरोध निर्वाचित होगी, अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन

Tricity Today | जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इतिहास रचा

Greater Noida News : जेवर से भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के विधायक धीरेंद्र सिंह (Dhirendra Singh MLA) ने एक बार फिर अपनी राजनितिक पकड़ का अहसास करवाया है। साथ ही अपने राजनीतिक विरोधियों को आईना दिखाया है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में ऐसा शायद पहली बार देखने को मिलेगा, जब पूरी नगर पंचायत का चुनाव निर्विरोध रूप से होने जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर जिले की रबूपुरा नगर पंचायत के लोगों ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासदों के लिए केवल 12 नामांकन दाखिल किए गए हैं। जिससे यहां सभी 12 उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। खास बात यह है कि यह सभी 12 उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी के हैं। जेवर से भाजपा विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

धीरेंद्र सिंह के भतीजे प्रशांत सिंह की पॉलिटिकल पारी शुरू हुई
धीरेंद्र सिंह के भतीजे शशांक सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने रबूपुरा नगर पंचायत से अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया है। रविवार की देर रात आई लिस्ट में भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। शशांक सिंह की राजनीति में यह पारी की शुरुआत है। सोमवार की सुबह अपने चाचा धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शशांक सिंह और समर्थकों ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ 11 अन्य उम्मीदवारों ने सभासद पदों के लिए नामांकन दाखिल किया है। कुल मिलाकर भारतीय जनता पार्टी के 12 उम्मीदवारों ने रबूपुरा नगर पंचायत के लिए नामांकन किए हैं। नामांकन का समय समाप्त होने तक रबूपुरा नगर पंचायत से इन 12 उम्मीदवारों के अलावा किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। लिहाजा, शशांक सिंह समेत सभी 12 उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। हालांकि, अभी जिला निर्वाचन अधिकारी और उनकी टीम इन नामांकन पत्रों की जांच करेगी और नाम वापसी भी होगी। इसके बाद इन 12 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।

यह हमारे समाज की एकता का प्रतीक है : विधायक
इस मौके पर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा, "रबूपुरा हमेशा से आपसी भाईचारे, प्रेम और सहयोग का प्रतीक माना जाता रहा है। हमारे पूरे इलाके में सभी जाति और धर्मों के लोग एक-दूसरे के साथ घुल मिलकर रहते हैं। हमारे लोगों ने हमेशा एकता की नई-नई मिसाल कायम की हैं। अब तक के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब रबूपुरा नगर पंचायत के लिए अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन दाखिल किया गया है। अब से पहले ऐसा कभी नहीं हुआ है। लिहाजा, सभी 12 उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। यह हमारी एकता की नई मिसाल है।"

लम्बे अरसे से नगर पंचायत पर कब्जा
आपको बता दें कि रबूपुरा नगर पंचायत पर ठाकुर धीरेंद्र सिंह और उनके परिवार के लोग लगातार काबिज हैं। खुद धीरेंद्र सिंह इस नगर पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। धीरेन्द्र सिंह की पत्नी उषा सिंह दो बार अध्यक्ष रही हैं। मौजूदा अध्यक्ष उनके भाई वीरेंद्र सिंह हैं। धीरेंद्र सिंह के पिता ठाकुर हीरी सिंह भी रबूपुरा नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे थे। अब इस परिवार की तीसरी पीढ़ी में शशांक सिंह रबूपुरा नगर पंचायत से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रहे हैं।

उम्मीदवारों की लिस्ट

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.