भाजपा नेता संजीव शर्मा और दरोगा पर मुकदमा दर्ज, जेवर रेप पीड़िता की शिकायत पर हुई कार्रवाई

ट्राईसिटी टुडे की खबर का असर : भाजपा नेता संजीव शर्मा और दरोगा पर मुकदमा दर्ज, जेवर रेप पीड़िता की शिकायत पर हुई कार्रवाई

भाजपा नेता संजीव शर्मा और दरोगा पर मुकदमा दर्ज, जेवर रेप पीड़िता की शिकायत पर हुई कार्रवाई

Tricity Today | जेवर रेप पीड़िता

Uttar Pradesh/Jewar : रेप पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों के खिलाफ अलीगढ़ में मुकदमा दर्ज हुआ है। अलीगढ़ पुलिस ने रेप पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पीड़ित महिला का आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर बदल दी है। उन्होंने भाजपा नेता संजीव शर्मा पर रेप का आरोप लगाया है। इस मामले में पहले भी शिकायत दर्ज की गई थी। महिला का आरोप है कि अलीगढ़ पुलिस ने उनके द्वारा दी गई तहरीर को बदल दिया है।

योगी आदित्यनाथ और एसएसपी से लगाई थी गुहार
गौतमबुद्ध नगर के जेवर कस्बे में रहने वाली एक महिला ने भारतीय जनता पार्टी के नेता संजीव शर्मा और उसके साथी समेत दरोगा पर रेप का आरोप लगाया है। बीते दिनों आपके पसंदीदा न्यूज़ वेबपोर्टल "ट्राईसिटी टुडे" ने महिला की आवाज को काफी गंभीरता से उठाया था। जिसके बाद पीड़िता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अलीगढ़ के एसएसपी को शिकायत पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इस मामले में अब अलीगढ़ पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। उन्होंने महिला की शिकायत के आधार पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत एक दरोगा खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। 

2016 से महिला मांग रही न्याय
पीड़िता ने बताया कि भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने अपने साथी के साथ मिलकर उनको पहले बेरहमी से पीटा था। उसके बाद अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर के दम पर जान से मारने की धमकी देकर रेप की वारदात को अंजाम दिया था। यह मामला 2016 का है और पीड़िता तभी से ही न्याय की गुहार लगा रही है। अब महिला की शिकायत के आधार पर अलीगढ़ के खैर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत हुआ है।

महिला के साथ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : थाना प्रभारी
इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि सरकार की मंशा अनुसार महिला के साथ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन आरोपियों ने महिला के साथ अपराध किया है। उनको कानून सख्त से सख्त सजा दिलवाने का काम करेगा। पुलिस ने भाजपा नेता संजीव शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.