वेस्ट यूपी में भाजपा को बड़ी बढ़त, चार जिलों में निर्विरोध अध्यक्ष बने, जानिए कौन हैं ये लोग

जिला पंचायत चुनाव : वेस्ट यूपी में भाजपा को बड़ी बढ़त, चार जिलों में निर्विरोध अध्यक्ष बने, जानिए कौन हैं ये लोग

वेस्ट यूपी में भाजपा को बड़ी बढ़त, चार जिलों में निर्विरोध अध्यक्ष बने, जानिए कौन हैं ये लोग

Tricity Today | वेस्ट यूपी में भाजपा को बड़ी बढ़त

Jila Panchayat Chunav : उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए चल रहे चुनाव में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। वेस्ट यूपी के 14 में से 4 जिले भाजपा ने फतह कर लिए हैं। इनमें अध्यक्ष पदों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। अब 10 जिलों में मतदान के जरिए जीत-हार तय होगी। भारतीय जनता पार्टी इसे बड़ी कामयाबी करार दे रही है तो दूसरी ओर विपक्ष ने सत्ता का दुरुपयोग बताया है।

बहुजन समाज पार्टी पहले ही यह चुनाव लड़ने से इंकार कर चुकी है। कांग्रेस के पास बेहद कम संख्या में जिला पंचायत सदस्य हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन के साथ है। वेस्ट यूपी में रामपुर, मुरादाबाद, शामली, अमरोहा, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, संभल और बुलंदशहर जिले हैं।

शनिवार की सुबह से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। निर्धारित वक्त तक गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर और मुरादाबाद जिलों में भारतीय जनता पार्टी के अलावा कोई नामांकन नहीं किया गया। लिहाजा, गौतमबुद्ध नगर से भाजपा उम्मीदवार अमित चौधरी, बुलंदशहर से डॉक्टर अंतुल तेवतिया, गाजियाबाद से ममता त्यागी और मुरादाबाद से डॉक्टर शेफाली चौहान निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। हालांकि औपचारिक रूप से इन लोगों के जिला पंचायत अध्यक्ष बनने की घोषणा 29 जून को होगी।

बुलंदशहर में डॉ.अंतुल तेवतिया निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं
बुलंदशहर में भारतीय जनता पार्टी की जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार डॉ.अंतुल तेवतिया का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। दरअसल, विपक्ष की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। अंतुल तेवतिया बुलंदशहर में गुलावठी कस्बे की रहने वाली हैं। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी है। पिता चौधरी राजेंद्र सिंह आरएसएस के विभाग प्रचारक थे। अंतुल तेवतिया की मां स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। अंतुल की उम्र 35 वर्ष है और वह एमबीबीएस एमएस डॉक्टर हैं। गुलावठी कस्बे में ही उनका प्राइवेट अस्पताल है। पति अनीश तेवतिया मेडिकल बिजनेस से जुड़े हैं। उनके दुबई और आर्मेनिया में प्राइवेट हॉस्पिटल हैं।

वेस्ट यूपी में सबसे बड़ी जिला पंचायत की मुखिया बनीं
बुलंदशहर जिला पंचायत पश्चिम उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी जिला पंचायत है। यहां 52 सदस्य हैं। इनमें से भारतीय जनता पार्टी को केवल 10 पंचायत सदस्य जिताने में कामयाबी मिली थी। पंचायत में समाजवादी पार्टी के 11 सदस्य हैं और राष्ट्रीय लोकदल को 6 सदस्य जिताने में सफलता मिली थी। इस तरह सपा-रालोद गठबंधन के पास 17 वोट थीं। बड़ी बात यह है कि 25 जिला पंचायत सदस्य निर्दलीय हैं। अध्यक्ष पद के लिए 27 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। सपा-रालोद गठबंधन को केवल 10 सदस्यों के समर्थन की दरकार थी। जबकि भाजपा को बहुमत तक पहुंचने के लिए 17 उम्मीदवार चाहिए थे। भाजपा ने लगभग सभी निर्दलीय जिला पंचायत सदस्यों को अपने पाले में खींच लिया। जिसके चलते समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के पास बहुमत नहीं रह गया था।


गाजियाबाद में भाजपा की ममता त्यागी निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं

गाजियाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चल रहे हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच भारतीय जनता पार्टी की ममता त्यागी निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। गाजियाबाद में भी विपक्ष की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। ममता त्यागी भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बसंत त्यागी की पत्नी हैं।

गाजियाबाद से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार ममता त्यागी ने शनिवार की दोपहर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। ममता त्यागी भारतीय जनता पार्टी के जिला, महानगर, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और विधायकों के साथ कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने गई थीं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन की उम्मीदवार नसीमा अपना नामांकन दाखिल नहीं कर पाई हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन दाखिल होने के कारण ममता त्यागी का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित है। हालांकि अभी नामांकन पत्र की जांच, नाम वापसी और बाकी कानूनी प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी को पूरी करनी है। इसके बाद ही उन्हें विजयी घोषित किया जाएगा। ममता त्यागी के निर्विरोध निर्वाचन से गाजियाबाद भारतीय जनता पार्टी में उत्साह है।

केवल एक सदस्य के सहारे ममता त्यागी कामयाब हो गईं
गाजियाबाद जिला पंचायत में 14 सदस्य हैं। भारतीय जनता पार्टी के केवल 2 सदस्य हैं। इनमें से एक खुद ममता त्यागी हैं। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने में कामयाब हो गई है। बहुजन समाज पार्टी सबसे बड़ा दल है। बहुजन समाज पार्टी के 5 सदस्य हैं। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के 3-3 सदस्य हैं। एक निर्दलीय सदस्य है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होने के लिए कम से कम 8 सदस्यों की जरूरत थी। सपा और रालोद गठबंधन का आंकड़ा 6 तक पहुंच रहा था। गठबंधन भाजपा के मुकाबले बहुमत के ज्यादा करीब था। लेकिन महज 2 जिला पंचायत सदस्यों के बूते भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष पद पर कार्य हो गई है। विपक्ष सत्तारूढ़ भाजपा पर जोड़-तोड़, खरीद-फरोख्त और सत्ता का दुरुपयोग करने जैसे आरोप लगा रहा है।


अमित चौधरी ने गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के निर्विरोध अध्यक्ष बन गए

जहां बुलंदशहर पश्चिम उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी जिला पंचायत है, वहीं गौतम बुद्ध नगर उत्तर प्रदेश में सबसे छोटी जिला पंचायत है। गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमित चौधरी निर्विरोध अध्यक्ष बन गए हैं। अमित चौधरी ने शनिवार की सुबह सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। अमित चौधरी का निर्विरोध निर्वाचन तय है। दरअसल, गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत में केवल 5 सदस्य हैं। अमित चौधरी का पर्चा दाखिल होने के बाद कोई दूसरा पर्चा दाखिल नहीं किया जा सकता है। दूसरे उम्मीदवार को एक अनुमोदक और एक प्रस्तावक की आवश्यकता होगी। जो उपलब्ध नहीं हैं। लिहाजा, गौतमबुद्ध नगर में विपक्षी पार्टियां नामांकन भी दाखिल नहीं कर पाई।

अमित चौधरी मूल रूप से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पड़ने वाले चिपयाना बुजुर्ग गांव के रहने वाले हैं। करीब एक दशक से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हैं। उनकी मौजूदा जिला अध्यक्ष विजय भाटी के साथ अच्छी जुगलबंदी है। विजय भाटी के पिछले कार्यकाल में भी वह जिला महामंत्री थे और इस बार भी भाजपा के जिला महामंत्री थे। पंचायत चुनाव में उन्हें भाजपा ने जेवर क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 से उम्मीदवार घोषित किया था। पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अमित चौधरी ने जिला भाजपा कार्यकारिणी से त्यागपत्र दे दिया था।

मुरादाबाद में डॉ.शैफाली चौहान को कोई चुनौती देने वाला नहीं
गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और बुलंदशहर के अलावा मुरादाबाद में भी भारतीय जनता पार्टी को कामयाबी मिली है। मुरादाबाद जिला पंचायत के लिए भाजपा की उम्मीदवार डॉ.शेफाली चौहान निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। डॉक्टर शेफाली के सामने भी विपक्ष ने नामांकन नहीं किया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के पंचायतराज मंत्री और वेस्ट यूपी भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद के ही रहने वाले हैं।



मुरादाबाद जिला पंचायत में सदस्यों की संख्या 39 है। इनमें से भारतीय जनता पार्टी के 10 सदस्य हैं। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के 11 और बहुजन समाज पार्टी के 12 सदस्य हैं। पंचायत में 6 निर्दलीय सदस्य हैं। जैसा कि हमने आपको बताया बहुजन समाज पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। लिहाजा, भाजपा के मुकाबले केवल समाजवादी पार्टी ही थी। बहुजन समाज पार्टी के ज्यादातर जिला पंचायत सदस्य भाजपा के साथ खड़े हो गए। जिसके चलते भाजपा को बहुमत मिल गया और आसानी से जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में पार्टी को कामयाब मिल गई।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पंचायत चुनाव प्रभारी रहे महामंत्री हरीश ठाकुर का कहना है कि बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आस्था जाहिर की है। पिछले 2 सप्ताह के दौरान इन जिला पंचायत सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भाजपा के पास 75 फ़ीसदी सदस्य हैं। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और मुरादाबाद में विपक्षी दलों को नामांकन करने के लिए अनुमोदक और प्रस्तावक भी नहीं मिले हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश के बाकी 10 जिलों में मतदान होगा। इन सभी जिलों में मतदान के जरिए भी भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित होंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.