यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर लंबा जाम, आखिर दिल्ली-एनसीआर से कहां भागे जा रहे हैं लोग

BIG NEWS : यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर लंबा जाम, आखिर दिल्ली-एनसीआर से कहां भागे जा रहे हैं लोग

यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर लंबा जाम, आखिर दिल्ली-एनसीआर से कहां भागे जा रहे हैं लोग

Tricity Today | जेवर टोल प्लाजा पर लंबा जाम

Greater Noida : शनिवार को दिन निकलते ही यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) के जेवर टोल प्लाजा पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। ग्रेटर नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जाने वाले लोगों की लंबी कतारें जेवर टोल प्लाजा पर लगी हुई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक जेवर टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर दूरी तक कारों का जमावड़ा है। बड़ी संख्या में लोग नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से आगरा की तरफ दौड़ रहे हैं।

वीकेंड के चलते आगरा की ओर जा रही है भीड़
कई महीने बाद कोरोनावायरस का खतरा टला है। उत्तर प्रदेश सरकार ने संक्रमण के चलते लागू पाबंदियों को खत्म कर दिया है। दूसरी तरफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करवाया जा चुका है। चुनाव के मद्देनजर पुलिस सख्ती बरत रही थी। लोग अपने-अपने जिलों की सीमाओं से बाहर निकलने में परहेज बरत रहे थे। सारी पाबंदियां हटते ही भीड़ वीकेंड मनाने आगरा, मथुरा और वृंदावन की ओर दौड़ रही है। लिहाजा, शनिवार की सुबह से ही यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। जेवर टोल प्लाजा से लेकर एक किलोमीटर दूरी तक एक्सप्रेसवे पर कारों की भीड़ मौजूद है।

जयपुर, जोधपुर और ग्वालियर तक जाते हैं लोग
टूरिज्म कारोबार से ताल्लुक रखने वाले अभिषेक मल्होत्रा का कहना है, "शुक्रवार की देर शाम से ही कामकाजी युवा और कपल दिल्ली-एनसीआर छोड़कर निकलने लगते हैं। शनिवार की सुबह तो यह भीड़ बहुत ज्यादा होती है। तीन डेस्टिनेशन दिल्ली-एनसीआर के लोगों में बड़े मशहूर हैं। एक बड़ा वर्ग उत्तराखंड में मसूरी, नैनीताल, कोटद्वार, जिम कॉर्बेट और धनोल्टी तक जाता है। हरियाणा की सीमाओं के आसपास रहने वाले लोग चंडीगढ़ और शिमला चले जाते हैं। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रहने वाले लोग आगरा, मथुरा व वृंदावन जाना पसंद करते हैं। इस तरफ भीड़ जयपुर, जोधपुर और गवालियर तक वीकडेज में निकल जाती है।"

बैंकिंग सेक्टर में उच्च पद पर कार्यरत नोएडा के रहने वाले परमेश वर्मा कहते हैं, "पिछले चार-पांच वर्षो के दौरान दिल्ली-एनसीआर के चारों ओर 500 किलोमीटर के दायरे में सड़कें शानदार बन गई हैं। एक्सप्रेसवे और हाईवे का जाल बिछ गया है। इनमें यमुना एक्सप्रेसवे युवाओं को सबसे ज्यादा लुभाता है। दो से तीन घण्टों की ड्राइव में लोग गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और दिल्ली से आगरा, मथुरा, जयपुर, ग्वालियर और वृंदावन पहुंच जाते हैं। यही वजह है कि शनिवार को जाते वक्त और रविवार की देर शाम वापस लौटते वक्त यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात का भारी दबाव होता है।"

सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं जानकारी
यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की जानकारी लोग सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि यमुना एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। एक्सप्रेसवे मैनेजमेंट लोगों की परेशानी का ख्याल नहीं रख रहा है। भारी-भरकम टोल चुकाने के बावजूद कई बार तो घंटों ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ता है। लोगों ने यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी से मांग की है कि ट्रैफिक जाम से निजात दिलाई जाए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.