मेडिकल डिवाइस पार्क स्कीम लॉन्च, 70 हजार को रोजगार मिलेंगे

Yamuna Authority : मेडिकल डिवाइस पार्क स्कीम लॉन्च, 70 हजार को रोजगार मिलेंगे

मेडिकल डिवाइस पार्क स्कीम लॉन्च, 70 हजार को रोजगार मिलेंगे

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Yamuna City News : जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास और यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे उत्तर भारत का पहला मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। मेडिकल डिवाइस पार्क में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज प्लॉट स्कीम लांच कर दी गई है। भारतीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां इस मेडिकल डिवाइस पार्क में जमीन हासिल कर सकती हैं। यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि मेडिकल डिवाइस पार्क से करीब 70,000 लोगों को रोजगार मिलेंगे। यह भारत का पहला ऐसा केंद्र बनेगा, जहां स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इससे देश हेल्थ इक्विपमेंट्स के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा।

पहले फेज में 110 एकड़ जमीन आवंटित होगी
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस मेडिकल डिवाइस पार्क का विकास दो चरणों में किया जाएगा। सोमवार को पहले चरण के तहत 110 एकड़ क्षेत्रफल में भूखंड आवंटन स्कीम लॉन्च की गई है। इस योजना के तहत 85 भूखंडों का आवंटन किया जा रहा है। यह भूखंड आवंटन योजना आज घोषित कर दी गई है। यह उत्तर भारत का पहला मेडिकल डिवाइस पार्क है। जिसके लिए भारत सरकार ने 100 करोड़ रुपए प्रोत्साहन राशि दी है। यह धनराशि यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी को मिल चुकी है। सीईओ ने आगे बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास सेक्टर-28 में यह मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। जिसका कुल क्षेत्रफल 350 एकड़ निर्धारित किया गया है।

मेडिकल डिवाइस पार्क में ड्रॉ के जरिए होगा आवंटन
उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश पर यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने पिछली बोर्ड बैठक में भूमि आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह बदल दी है। अब औद्योगिक, संस्थागत और तमाम दूसरी श्रेणी की जमीनों का आवंटन ऑनलाइन बिडिंग के जरिए किया जाएगा। बोर्ड में मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर एक प्रस्ताव पास किया गया था, जिसके मुताबिक केवल यह योजना ऐसी रहेगी, जिसमें ड्रॉ के जरिए भूखंड आवंटन होगा। मतलब, इच्छुक कंपनियां आवेदन करेंगी। यह आवेदन 85 भूखंडों के लिए मांगे गए हैं। 

22 जून तक कर सकते हैं आवेदन, 7 जुलाई को होगा ड्रॉ
यमुना चोटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तारीख 22 जून है। ड्रॉ की तारीख 7 जुलाई तय की गई है। जिन कंपनियों के नाम ड्रॉ में आएंगे, उन्हें भूखंड आवंटन कर दिया जाएगा। इस स्कीम के तहत 4,000 वर्ग मीटर से बड़े भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। मेडिकल डिवाइस पार्क सेक्टर-28 में विकसित किया जा रहा है। यह मेट्रो से कनेक्ट होगा। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नजदीक है। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी मिलेगी। एमएसएमई पार्क, अपैरल पार्क, हैंडीक्राफ्ट ओडीओपी पार्क और टॉय पार्क इसके आसपास हैं। रैपिड रेलवे भी मेडिकल डिवाइस पार्क के पास से होकर गुजरेगी।

भूखंड का क्षेत्रफल    भूखंडों की संख्या
1000                            60
2000                            20
4000                            05
(भूखंड का क्षेत्रफल वर्ग मीटर में है)

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.