नरेंद्र सिंह भाटी निर्विरोध निर्वाचित, बुलंदशहर के डीएम ने दिया प्रमाण पत्र

UP MLC ELECTION 2022 : नरेंद्र सिंह भाटी निर्विरोध निर्वाचित, बुलंदशहर के डीएम ने दिया प्रमाण पत्र

नरेंद्र सिंह भाटी निर्विरोध निर्वाचित, बुलंदशहर के डीएम ने दिया प्रमाण पत्र

Tricity Today | डीएम ने नरेंद्र सिंह भाटी को प्रमाण पत्र सौंपा

Bulandshahr News : बुलंदशहर-गौतमबुद्ध नगर विधान परिषद स्थानीय प्राधिकारी सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र सिंह भाटी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। बुलंदशहर के जिला अधिकारी और इस चुनाव के निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार की दोपहर नरेंद्र सिंह भाटी को प्रमाण पत्र सौंप दिया है। नरेंद्र सिंह भाटी के सामने तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। जिनमें से समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन की उम्मीदवार सुनीता शर्मा ने अपना पर्चा वापस ले लिया। बाकी दो उम्मीदवारों के पर्चे कमियां मिलने के कारण खारिज कर दिए गए थे।

लगातार दूसरी बार बने एमएलसी
इस सीट से नरेंद्र भाटी लगातार दूसरी बार विधान परिषद के सदस्य चुने गए हैं। पिछला चुनाव वर्ष 2016 में हुआ था। तब नरेंद्र सिंह भाटी ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। इसी साल जनवरी में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नरेंद्र सिंह भाटी ने समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें एक बार फिर इसी सीट से विधान परिषद भेजने का वादा किया था। अब पिछले सप्ताह भाजपा ने भाटी को उम्मीदवार घोषित किया। कुल मिलाकर वह इस सीट से लगातार दूसरी बार एमएलसी चुने गए हैं। आपको बता दें कि राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर भी इस सीट से 2 बार एमएलसी रह चुके हैं।

अब गौतमबुद्ध नगर में भाजपा के दो एमएलसी
अब गौतमबुद्ध नगर जिले से दो नेता भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद में सदस्य बन गए हैं। पिछले साल मेरठ-सहारनपुर शिक्षक विधान परिषद सीट से श्रीचन्द शर्मा ने कामयाबी हासिल की थी। अब नरेंद्र सिंह भाटी ने बुलंदशहर-गौतमबुद्ध नगर स्थानीय प्राधिकारी सीट से चुनाव जीता है। एक और खास बात यह है कि दोनों ही गौतमबुद्ध नगर में दादरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। श्रीचंद शर्मा गाजियाबाद-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर पड़ने वाले गांव धूम मानिकपुर के निवासी हैं। नरेंद्र सिंह भाटी दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर स्थित बोड़ाकी गांव के रहने वाले हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब गौतमबुद्ध नगर में 2 लोग एकसाथ एमएलसी बने हैं। इससे पहले पूर्व राजस्व मंत्री रवि गौतम एमएलसी रह चुके हैं। उसके बाद नरेंद्र भाटी एमएलसी रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.