नरेंद्र सिंह भाटी ने बुलन्दशहर में पूरे दल-बल के साथ किया नामांकन, मंत्री, सांसद और सारे विधायक रहे साथ

UP MLC Election 2022 : नरेंद्र सिंह भाटी ने बुलन्दशहर में पूरे दल-बल के साथ किया नामांकन, मंत्री, सांसद और सारे विधायक रहे साथ

नरेंद्र सिंह भाटी ने बुलन्दशहर में पूरे दल-बल के साथ किया नामांकन, मंत्री, सांसद और सारे विधायक रहे साथ

Tricity Today | नरेंद्र सिंह भाटी ने नामांकन दाखिल किया

Bulandshahr News : बुलंदशहर-गौतमबुद्ध नगर स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद चुनाव के लिए नरेंद्र सिंह भाटी ने सोमवार की दोपहर नामांकन दाखिल कर दिया है। नरेंद्र सिंह दलबल के साथ बुलंदशहर जिलाधिकारी कार्यालय में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मंत्री अनिल शर्मा, तीनों सांसद, दोनों जिलों के 8 विधायक और दोनों जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी के सारे पदाधिकारी भी मौजूद रहे। आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी छोड़कर आए मौजूदा एमएलसी नरेंद्र सिंह भाटी को भाजपा ने एक बार फिर इस चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। उनके सामने राष्ट्रीय लोकदल-समाजवादी पार्टी गठबंधन ने अरनिया की पूर्व ब्लाक प्रमुख सुनीता शर्मा को टिकट दिया है।



नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय में हुआ स्वागत
नामांकन दाखिल करने के लिए नरेंद्र सिंह भाटी लाव-लश्कर के साथ सोमवार की सुबह बुलंदशहर पहुंचे। बुलंदशहर भाजपा जिला कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा, बुलंदशहर के सांसद डॉ.भोला सिंह, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, उत्तर प्रदेश सरकार में वन मंत्री अनिल शर्मा, जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मी राज, खुर्जा की विधायक मीनाक्षी सिंह, दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर, गौतमबुद्ध नगर के जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी और बुलंदशहर की जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल रहीं। भाजपा कार्यालय से सारे लोग नामांकन करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।



दोनों जिलों में 2,987 मतदाता वोट डालेंगे
इस सीट के लिए कुल 2,987 वोटर मतदान करेंगे। इनमें से बुलन्दशहर जिले में 2,678 मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1,315 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 946 ग्राम प्रधान, 338 सभासद, 51 जिला पंचायत सदस्य, 17 नगर पालिका और पंचायत के अध्यक्ष, सात विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, एक सांसद, दो शिक्षक और स्नातक एमएलसी अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसी तरह गौतमबुद्ध नगर में केवल 309 वोटर हैं। जिनमें तीन विधायक, 5 जिला पंचायत सदस्य, 88 ग्राम प्रधान और  क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान करेंगे।



कुल 22 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
इस चुनाव के लिए प्रशासन ने दोनों जिलों बुलन्दशहर और गौतमबुद्ध नगर में तैयारी शुरू कर दी हैं। इसके लिए दोनों जिलों में कुल 22 मतदान केंद्र हैं। बुलंदशहर में 18 और गौतमबुद्ध नगर में 4 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। जिसमें सभी 34 खंडों के मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। बुलन्दशहर के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रामकुमार अत्रि ने बताया कि सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। चुनाव के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को ही अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

कांग्रेस से लोकदल, सपा और अब भाजपा
कांग्रेस से निकलकर नरेंद्र भाटी लोकदल गए थे। जब चौधरी अजित सिंह और मुलायम सिंह यादव अलग हुए तो नरेंद्र भाटी समाजवादी पार्टी में चले गए। नरेंद्र सिंह भाटी समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता माने जाते थे। एक समय था, जब नरेंद्र भाटी और मुलायम सिंह यादव के इतने घनिष्ठ संबंध थे कि मुलायम सिंह ने भरी सभा में बोल दिया था, "आप इन्हें हारते रहो और मैं टिकट देता रहूंगा।" वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह दादरी में जनसभा करने आए और उन्होंने झोली फैलाकर नरेंद्र सिंह भाटी के लिए वोट मांगे।

जिले की राजनीति में सबसे पुराने नेता
नरेंद्र सिंह भाटी मूलरूप से ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म 1958 में एक किसान परिवार में हुआ था। तब दादरी तहसील मेरठ जिले का हिस्सा थी। नरेंद्र सिंह भाटी ने महज 18 साल की उम्र में वर्ष 1975 में अपने राजनीतिक कैरियर में पहला  कदम रखा था। उन्हें दादरी ब्लॉक युवक कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। 1977 में मिहिरभोज इंटर कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी की। तभी बुलंदशहर और मेरठ का विभाजन करके तत्कालीन एनडी तिवारी सरकार ने गाजियाबाद जिले का गठन किया। दादरी तहसील गाजियाबाद जिले में शामिल हो गई। नरेंद्र भाटी ने 1980 में चुनावी राजनीतिक की शुरुआत की। वह दादरी के ब्लॉक प्रमुख बने। करीब 3 साल बाद वह लोकदल में शामिल हो गए थे। उसके बाद नरेंद्र सिंह भाटी ने सिकंदराबाद विधानसभा सीट से 1989, 1991 और 1996 में चुनाव जीते।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.