नोएडा में आया नया साइबर क्रिमिनलों का गैंग, पहले देता है खुद पैसे और फिर कर देता है अकाउंट खाली

Tricity Today Exclusive : नोएडा में आया नया साइबर क्रिमिनलों का गैंग, पहले देता है खुद पैसे और फिर कर देता है अकाउंट खाली

नोएडा में आया नया साइबर क्रिमिनलों का गैंग, पहले देता है खुद पैसे और फिर कर देता है अकाउंट खाली

Tricity Today | नोएडा में आया नया साइबर क्रिमिनलों का गैंग

Greater Noida : साइबर क्रिमिनल लोगों को निशाना बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब ग्रेटर नोएडा में एक ऐसा मामला सामने आया है। जहां पर व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से पहले ग्रुप बनाए जाते हैं और इसके बाद लोगों को जोड़कर होटल के रिव्यु देने के नाम पर पैसे दिए जाते हैं। जब व्यक्ति इस चक्रव्यूह में फंस जाता है तो उसके बैंक अकाउंट को खाली करने लगते हैं। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के बैंक अकाउंट से 13 लाख रुपए निकाल लिए हैं। पीड़ित ने बताया कि एनसीआर में अभी तक 104 लोगों से ठगी की जा चुकी है। 

"होटल का रिव्यु दो और पैसे कमाओ"
सूरजपुर थाना क्षेत्र में स्थित एवीजी हाइट हाउसिंग सोसायटी जीटा-1 में भानु प्रताप सिंह ने मुकदमा दर्ज करवाया है। भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उनको व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक प्राप्त हुआ था। लिंक भेजने वाले ने व्हाट्सएप पर लिखा था, "अगर आप होटल का रिव्यु देंगे तो पैसे मिलेंगे। अगर आपको यह स्कीम अच्छी लगी तो लिंक पर क्लिक कर दो।" 

पहले पैसे कमाए और फिर लुटाए 
भानु प्रताप ने बताया कि उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो टेलीग्राम के माध्यम से एक ग्रुप में जुड़े। उसे टेलीग्राम ग्रुप में पहले से ही काफी सारे लोग जुड़े हुए थे। टेलीग्राम के ग्रुप में होटल के कुछ लिंक आते थे। वह लिंक पर क्लिक करके होटल को रिव्यू स्टार देते थे। भानु प्रताप ने बताया कि अच्छा रिव्यू देने के करीब 30 मिनट के भीतर उनके अकाउंट में पैसे आने लगे। सबसे पहले उनके अकाउंट में 5 हजार रुपए आए। उसके बाद धीरे-धीरे बढ़कर 8 और संख्या 16 हजार तक पहुंच गई। वह इस झांसे में फंस गए और लिंक पर क्लिक करके रिव्यू देने लगे। उन्होंने बताया कि कुछ दिन तक तो ठीक चलता रहा, लेकिन बाद में उनके अकाउंट से पैसे कटने लगे। सबसे पहले उनके अकाउंट से 20 हजार रुपए कटे थे। उसके बाद 45 हजार रुपए कटे और फिर पैसे कटने की संख्या बढ़ती गई। ग्रुप में कोई नंबर नहीं था। जब भी ग्रुप में इस बारे में कोई बातचीत करता था तो बताया जाता था कि कुछ घंटे का दिनों के भीतर अकाउंट में पैसे वापस आ जाएंगे।

एनसीआर के 104 लोग हुए इस गैंग के शिकार
भानु प्रताप सिंह ने बताया कि वह साइबर क्रिमिनलों के चक्कर में फंस गए और बैंक अकाउंट से 13 लाख रुपए गवां बैठे। ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने ग्रुप के बारे में जांच-पड़ताल की। जिसके बाद पता चला कि एनसीआर में करीब 104 लोग उनकी तरह पीड़ित हैं। उनके अकाउंट से तो 13 लाख रुपए पर कटे हैं, लेकिन काफी ऐसे लोग हैं। जिनको 45 लाख रुपए से लेकर 55 लाख रुपए तक का चूना लगा है। पीड़ित ने सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला साइबर सेल को भी भेज दिया गया है।

साइबर क्राइम गौतमबुद्ध नगर का एक बड़ा मुद्दा
नोएडा उत्तर प्रदेश का सबसे हाईटेक शहर माना जाता है, लेकिन यहां के लोग हाईटेक होने के साथ-साथ साइबर अपराधियों के निशाने पर सबसे ज्यादा होते है। अंदाजा इस बात से लगा सकते हो कि प्रतिदिन कई लोगों से 7 से 8 लाख रुपए की ठगी की जाती है। सबसे ताज्जुब की बात यह है कि पढ़े-लिखे लोग सबसे ज्यादा साइबर अपराधियों के निशाने पर होते हैं। हालांकि, गौतमबुद्ध नगर जिले में बीते महीने साइबर सेल की स्थापना हुई, लेकिन उसके बावजूद भी साइबर क्राइम पर पुलिस रोक नहीं लगा पा रही है। यह जिले का एक बड़ा मुद्दा भी हो गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.