ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस में दो संदिग्ध ग्वालियर में गिरफ्तार, पूछताछ के लिए नोएडा ला रही है पुलिस

BIG BREAKING : ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस में दो संदिग्ध ग्वालियर में गिरफ्तार, पूछताछ के लिए नोएडा ला रही है पुलिस

ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस में दो संदिग्ध ग्वालियर में गिरफ्तार, पूछताछ के लिए नोएडा ला रही है पुलिस

Tricity Today | कारोबारी दंपति

ग्रेटर नोएडा में गुरुवार की रात एक हाईप्रोफाइल डबल मर्डर केस में गौतमबुद्ध नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने मामले के दो संदिग्धों को मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों को नोएडा लाया जा रहा है। दरअसल मृतक दंपति मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ के चचेरे भाई-भाभी थे। इसलिए मामला हाईप्रोफाइल हो गया था और पुलिस पर यथाशीघ्र इस हत्या कांड का खुलासा करने का दबाव था। हालांकि, दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अफसरों ने ऐसी किसी भी गिरफ्तारी से साफ इंकार किया है।

इस सिलसिले में नोएडा पुलिस के सीनियर अधिकारियों की एक टीम मध्य प्रदेश पहुंची थी। जहां ग्वालियर पुलिस के साथ शहर के गोला का मंदिर इलाके में स्थित सैनिक कॉलोनी से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। दूसरा संदिग्ध शहर के गोवर्धन कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार किया गया। गौतमबुद्ध नगर पुलिस इन दोनों आरोपियों को यहां लाकर पूछताछ करेगी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह तक दोनों संदिग्धों से सच्चाई का पता लगा लिया जाएगा। इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि दंपति की हत्या किसने की थी और उसके पीछे क्या वजह थी।

ग्रेटर नोएडा में थाना बीटा-दो क्षेत्र के अल्फा-2 में रहने वाले बुजुर्ग नरेंद्र नाथ और उनकी पत्नी सुमन नाथ की गुरुवार की देर रात हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस की पांच टीमें कई जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। दंपति से जुड़े कुछ लोगों से शुक्रवार और शनिवार को पूछताछ की गई है। पुलिस अफसरों ने दावा किया है कि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान हो गई है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, ''थाना बीटा-दो क्षेत्र के अल्फा- 2 में रहने वाले नरेंद्र नाथ (75 वर्ष) तथा उनकी पत्नी सुमन नाथ (70 वर्ष) की गुरुवार की देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस को घटना की सूचना शुक्रवार की सुबह मिली। उनकी बेटी अपने माता-पिता मिलने आई थी। उसने ही पुलिस को अवगत कराया।
    
अपर आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गई हैं। पुलिस सर्विलांस, अत्याधुनिक तरीकों और मुखबिरों के केस से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। हर एंगल से हत्या कांड को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया, ''प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या करने से पहले हत्यारे नरेंद्र नाथ के साथ बैठ कर मदिरा सेवन कर रहे थे। 

नरेंद्र नाथ ने कई लोगों को लाखों रुपए उधार दिए थे। घटना वाले दिन कुछ लोगों ने उनके साथ बैठकर शराब पी। बाद में उनको मार कर फरार हो गए। पुलिस को वारदात करने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिल गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही नरेंद्र नाथ से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे भी जानकारी हासिल की जा रही है।

इनकी गिरफ्तारियों को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने खारिज किया है। ग्रेटर नोएडा के उपायुक्त राजेश कुमार सिंह का कहना है कि कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं। उनकी जांच की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.