दादरी विधायक के घर से बैरंग लौटे किसान, कल रसूलपुर से फिर प्रदर्शन शुरू होगा

एनटीपीसी किसान आंदोलन : दादरी विधायक के घर से बैरंग लौटे किसान, कल रसूलपुर से फिर प्रदर्शन शुरू होगा

दादरी विधायक के घर से बैरंग लौटे किसान, कल रसूलपुर से फिर प्रदर्शन शुरू होगा

Tricity Today | तेजपाल नागर के आवास के बाहर इकट्ठा हुए किसान

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में दादरी क्षेत्र के 23 गांवों के किसान नेशनल थर्मल पावर प्लांट का विरोध कर रहे हैं। मंगलवार की शाम सैकड़ों महिलाएं और किसान दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल नागर के घर घेराव करने पहुंचे थे। हालांकि, विधायक किसानों को नहीं मिले हैं। करीब 3 घंटे तक विधायक के घर के बाहर धरना देने के बाद किसान बैरंग वापस लौट गए हैं। इन लोगों ने घोषणा की है कि बुधवार की सुबह रसूलपुर गांव से प्रदर्शन की फिर शुरुआत होगी। इतना ही नहीं किसानों ने दादरी के विधायक को चेतावनी दी है। कहा है कि उन्होंने किसानों को अपमानित किया है। इसका जवाब दिया जाएगा। विधायक को गांवों में नहीं घुसने देंगे।

विधायक से नहीं हो पाया प्रदर्शनकारी किसानों का संपर्क
विधायक तेजपाल नागर के घर के बाहर बैठे किसानों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया। विधायक के सरकारी और निजी मोबाइल नंबर पर कॉल की गई। किसानों ने बताया कि मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ जा रहे हैं। विधायक के साथ रहने वाले लोगों से भी संपर्क किया गया लेकिन बात नहीं हो पाई। करीब 3 घंटे तक सैकड़ों किसान दादरी की गुर्जर कॉलोनी में विधायक के घर के बाहर जमे रहे। देर रात करीब 8:30 बजे किसानों की भीड़ उठकर वापस चली गई। किसानों ने कहा है कि बुधवार की सुबह रसूलपुर गांव में सभी 23 गांवों के लोग इकट्ठा होंगे। रसूलपुर से फिर प्रदर्शन की शुरुआत की जाएगी।

प्रभावित गांवों में विधायक के खिलाफ रोष व्याप्त
किसानों को दादरी विधायक का व्यवहार नागवार गुजरा है। किसानों का कहना है कि पिछले दो विधानसभा चुनावों में तेजपाल नागर ने उनके मुद्दों पर वादे किए हैं। मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद साढ़े 5 वर्षों में कोई सहयोग नहीं किया। आज जब किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और गिरफ्तारियां की हैं तो विधायक मदद के लिए भी सामने आना चाहिए था। विधायक कहीं छिपकर बैठ गए हैं। उनके इस व्यवहार से एनटीपीसी से प्रभावित 23 गांवों में रोष व्याप्त है। किसानों ने ऐलान किया है कि तेजपाल सिंह नागर का विरोध किया जाएगा। वह जिस गांव में जाएंगे, उनके खिलाफ प्रदर्शन होगा।

पुलिस ने 250 किसानों पर दर्ज की एफआईआर
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान परिषद के नेता सुखबीर खलीफा समेत 13 किसानों को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामले को लेकर 250 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जारचा थाने में दर्ज एफआईआर में 50 किसान नामजद और 200 अज्ञात हैं। ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि 13 किसानों को हिरासत में लिया गया है। दूसरी ओर किसानों का आरोप है कि पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार की हैं। महिलाओं और बुजुर्गों पर लाठीचार्ज किया है। जिससे 16 किसान घायल हुए हैं। उनका अस्पतालों में इलाज करवाया जा रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.