क्या हम सड़क पर चलना और मंगलसूत्र पहनना छोड़ दें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों ने डीजीपी से पूछा : क्या हम सड़क पर चलना और मंगलसूत्र पहनना छोड़ दें

क्या हम सड़क पर चलना और मंगलसूत्र पहनना छोड़ दें

Tricity Today | Symbolic Image

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अपराध आसमान छू रहा है। पुलिस के हाथ से कमान छूटती जा रही है। शहर के लोग कह रहे हैं, "अब पुलिस से ज्यादा पावरफुल अपराधी हो गए हैं।" ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। लगातार लूट और अपराध से आम आदमी खौफ में जी रहा है। लोगों का साफतौर पर कहना है कि पुलिस की मिलीभगत से अवैध धंधे चल रहे हैं। लोग सीधे सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि अवैध धंधों के लिए पुलिस वाले जिम्मेदार हैं। इसी वजह से तो पुलिस चाहकर भी अपराधियों पर लगाम नहीं लगा पा रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट खरीदारों की सबसे बड़ी संस्था नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने शनिवार की सुबह उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को टैग करके एक ट्वीट किया है। यह ट्वीट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। "बिसरख थाने के बराबर में अवैध धंधे"
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी और नेफावा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने आवाज उठाई है। अभिषेक कुमार का कहना है, "ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार अपराध बढ़ता जा रहा है। कुछ दुकान तो ऐसी हैं, जो रात में खुलती हैं और सुबह बंद हो जाती हैं। उन दुकानों पर पूरी रात अवैध धंधे होते हैं। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कुछ नहीं होता है। और होगा भी कैसे, जब दुकान के ठेकेदार पुलिस को पैसे देते हैं। यह सब तेजी के साथ बढ़ता जा रहा है। बिसरख थाना के बराबर में स्थित गलियों में अवैध धंधे हो रहे हैं, जिनको रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। पिछले काफी सालों में ऐसा नहीं देखा गया, जो पिछले कुछ महीनो के दौरान देखा गया है। कुल मिलाकर बिसरख थाना पुलिस अपराधियों को रोकने में नाकाम और फेल हो गई है।"

इससे ज्यादा हालत पहले नहीं खराब हुई
अभिषेक कुमार ने आगे कहा, "क्या क्षेत्र में छिनैती की घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल हो रहा है? क्या अब निवासियों को चेन, मंगलसूत्र पहनना और मोबाइल लेकर सड़क पर चलना बंद कर देना चाहिए? पुलिस के आश्वासन के बावजूद इकोविलेज-1 में एक निवासी से मोबाइल छिन लिया गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पूरे क्षेत्र में हर दूसरे दिन चेन और मोबाइल लूट की वारदातें हो रही हैं। सुबह के समय क्षेत्र में कहीं भी पेट्रोलिंग दिखाई नहीं देती है। रात भर क्षेत्र में अवैध ढाबे खुले रहते हैं, जो पुलिस संरक्षण के बिना संभव नहीं हो सकता। पहले की स्थिति की तुलना में अब हालत बेहद खराब हो चुकी है। इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए आपकी शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता है।"

रात होते ही गायब हो जाती है पुलिस
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले मयंक प्रताप ने बताया, "क्राइम कैसे कम होगा, जब रात के समय में पुलिस वाले ही सड़क पर नजर नहीं आएंगे। एक मूर्ति गोल चक्कर से 130 मी रोड की तरफ जाने वाला मार्ग बिल्कुल सुनसान रहता है। अगर वहां कोई बाइक वाला जाता है तो उसे भी डर लगता है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सीसीटीवी कैमरों की कमी है और रात के समय में काफी स्थानों पर अंधेरा होता है। ऐसे में अपराध तो बढ़ेंगे ही। पहले भी कई शिकायतें की गईं, लेकिन सब व्यर्थ साबित हुई हैं।"

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बढ़ती घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंतित हैं। वे पुलिस और प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि उनके इलाके में सुरक्षा और शांति बनी रहे। अवैध बाजारों को हटाने, रात के समय गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने जैसी आवश्यकताएं हैं जिन्हें पूरा किया जाना चाहिए। केवल पुलिस और प्रशासन के सहयोग से ही इन समस्याओं का समाधान संभव है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.