पीएम नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद

सुरेंद्र नागर का स्वागत करने आए 7 राज्यों से गुर्जर समाज के लोग : पीएम नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद

पीएम नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद

Tricity Today | सुरेंद्र नागर का स्वागत करने आए 7 राज्यों से गुर्जर समाज के लोग

Greater Noida News : राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद पहली बार सुरेंद्र सिंह नागर गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। सात राज्यों से आए दिग्गज गुर्जर नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। ग्रेटर नोएडा के एच्छर गांव में स्थित रामलीला मैदान में सर्व समाज संगठन ने कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच से लोगों ने कहा, “सुरेंद्र नागर ने हमारा नाम रोशन किया है। उन्हें दिया गया सम्मान सर्वसमाज का सम्मान है। आने वाले लोकसभा चुनाव में हम तन-मन-धन से नरेंद्र मोदी के साथ खड़े होंगे।”

सात राज्यों से आए गुर्जर समाज के नेता
सुरेंद्र सिंह नागर के सम्मान समारोह में सात राज्यों से गुर्जर समाज के मुखिया और नेता शामिल हुए। इनमें जम्मू कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब इससे आय बुजुर्गों ने सुरेन्द्र सिंह नागर को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इन लोगों ने मंच से कहा, “सुरेंद्र सिंह नागर को भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मान देकर देश के गुर्जर समाज का सम्मान बढ़ाया है। अब हमारा फ़र्ज़ बनता है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में तन, मन और धन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार जिताएं।” इसके बाद गौतमबुद्ध नगर के लोगों को बोलने का मौका मिला। ज़िले के लोगों ने कहा, “सुरेंद्र सिंह नागर को दिया गया सम्मान 36 बिरादरी का सम्मान है। सुरेन्द्र सिंह नागर ने गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और ग़ाज़ियाबाद के बच्चे-बच्चे का मान बढ़ाया है।” इन लोगों ने आगे कहा, “सुरेंद्र नागर ने अपने क़रीब 26 साल के पॉलिटिकल करियर के दौरान कभी जाति, बिरादरी, धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं की है। यही वजह है कि वह आज राष्ट्रीय नेता बन गए हैं।”

नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक भव्य स्वागत
इससे पहले सुरेंद्र सिंह नागर का नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक भव्य स्वागत किया गया। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी पूरी तरह से एक्शन मोड में आ चुकी है। इसके तहत भाजपा ने अपने पत्ते फेंटने शुरू कर दिए हैं। इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नए सिरे से घोषणा की है। इसमें राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा में जिले को तरजीह मिलने से कार्यकर्ता गदगद हैं। सुरेंद्र नागर के स्वागत करने के लिए रविवार की सुबह डीएनडी पर सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे। उनका काफिला डीएनडी से होता हुआ महामाया फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा। यहां पर ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ कदम-कदम पर समर्थकों ने स्वागत किया। इसके बाद कारों के काफिले के साथ उन्हें लेकर ग्रेटर नोएडा में दाखिल हुए। यहां पर समर्थकों ने रामलीला ग्राउंड में भव्य स्वागत किया। सुरेंद्र सिंह नगर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया।

57 वर्षीय सुरेंद्र नागर को 24 साल का पार्लियामेंट्री एक्सपीरियंस
सुरेंद्र सिंह नागर की छवि 'मिस्टर क्लीन' वाली है। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के गुर्जर समुदाय में नागर की अच्छी पकड़ है। पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान सुरेंद्र नागर ने गुर्जर मतदाताओं को अपनी पार्टी के पक्ष में मोड़ने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह लगातार जम्मू-कश्मीर में गुर्जर समुदाय के बीच दौरे कर रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, बुलदंशहर और गौतमबुद्ध नगर में गुर्जर समुदाय की अच्छी-खासी तादाद है। सुरेंद्र सिंह नागर को एक बार फिर भाजपा की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। वह एक बार लोकसभा और तीन बार राज्यसभा सदस्य हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.