आंदोलन खत्म करने का दबाव बना रही पुलिस, किसान नेता को अवैध हिरासत में रखने का आरोप

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर धरना जारी : आंदोलन खत्म करने का दबाव बना रही पुलिस, किसान नेता को अवैध हिरासत में रखने का आरोप

आंदोलन खत्म करने का दबाव बना रही पुलिस, किसान नेता को अवैध हिरासत में रखने का आरोप

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर धरना जारी

Greater Noida News : अखिल भारतीय किसान सभा का आंदोलन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गेट पर जारी धरने की अध्यक्षता रंगलाल भाटी ने की। संचालन अजयपाल भाटी ने किया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि बिसरख थाने की पुलिस ने जिला कमेटी के सदस्य दुष्यंत सेन को पूरी रात गैरकानूनी हिरासत में रखा। उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

किसानों पर नाजायज दबाव बना रही पुलिस
धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा कि 7 फरवरी की महापंचायत को सैकड़ों की संख्या में किसान संगठन एवं विपक्षी पार्टियों का समर्थन मिल रहा है। हमें अपने-अपने गांव में प्रचार कर अधिक से अधिक संख्या में पीड़ित किसानों को प्राधिकरण पर लाना है। किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि पुलिस नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर नाजायज दबाव बना रही है। इसी सिलसिले में पुलिस ने रोजा गांव के किसान सभा के जिला कमेटी सदस्य दुष्यंत सेन को रात में उठा लिया। उसका मोबाइल छीन लिया। जिस कारण वह अपनी गैरकानूनी हिरासत के बारे में किसी को नहीं बता सके। सुबह जानकारी होने पर कार्यकर्ताओं थाने पहुंचे। वहां पर दुष्यंत सेन को हवालात में बिठा रखा था। थानाध्यक्ष का कहना था कि उनके खिलाफ एनसीआर दर्ज है।

एनसीआर पर गिरफ्तारी का अधिकारी नहीं
किसान नेताओं ने कहा कि एनसीआर दर्ज होने पर पुलिस को गिरफ्तारी का कोई अधिकार नहीं है। एनसीआर दर्ज होने पर कोर्ट के वारंट के आधार पर ही गिरफ्तारी होती है। पुलिस के पास इस बात का कोई जवाब नहीं था। किसान सभा के कार्यकर्ता बिसरख थाने पहुंचे तो पुलिस ने तुरंत ही दुष्यंत सेन को छोड़ दिया। किसान नेताओं का आरोप है कि इस तरह पुलिस गैरकानूनी हरकतें करके नाजायज तौर पर किसानों में खौफ पैदा करना चाहती है। जिससे कम संख्या में किसान महापंचायत और दिल्ली कूच में हिस्सा लें। 

किसी के दबाव में नहीं आएंगे किसान
संगठन के सचिव निशांत रावल ने कहा कि किसान किसी दबाव में नहीं आने वाले है। मेरे घर पर भी पुलिस के लोग आए थे। पहले भी आए हैं। धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से करना हर नागरिक का बुनियादी अधिकार है, जिसे पुलिस छीन नहीं सकती। निशांत रावल ने पुलिस को दो टूक कहा कि हम किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं। अपना हक लेकर ही मानेंगे। पुलिस के नीचे स्तर के अधिकारी नाजायज हरकत कर पुलिस की बदनामी कर रहे हैं। 

राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी
किसान सभा के महासचिव जगबीर नंबरदार ने कहा कि किसानों के 10 परसेंट के मुद्दे को हम राजनीतिक मुद्दा बनाएंगे, जिससे चुनावी माहौल में सरकार पर दबाव बने और किसानों की समस्याओं का हल हो सके। मलकपुर किसान सभा कमेटी के अध्यक्ष देशराज राणा ने ऐलान किया कि मलकपुर और सूरजपुर कमेटी सैकड़ो की संख्या में 7 फरवरी और 8 फरवरी के आंदोलन में हिस्सा लेगी। 

इन्होंने साझा किए विचार
आज के धरना प्रदर्शन को सुरेंद्र यादव, सुरेश यादव, गवरी मुखिया, सुधीर रावल, भोजराज रावल, केशव रावल, अजय शर्मा, अजय प्रधान, नरेश नागर, मुखिया संदीप भाटी, सुशांत भाटी, प्रशांत भाटी, मोहित नागर, नितिन चौहान, डॉक्टर ओम प्रकाश, जोगेंद्र देवी, पूनम देवी, रीना देवी, तिलक देवी, रईसा बेगम, गीता देवी, निरंकार प्रधान, सुरेंद्र शर्मा, सतवीर रावल, मदनलाल भाटी, इंद्रजीत भाटी, पप्पू ठेकेदार, मनवीर भाटी खानपुर, रकम सिंह भाटी, करतार सिंह नागर, विजेंद्र नागर खोदना और भीम सिंह प्रधान खोदना ने संबोधित किया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.