अध्यक्ष और सारे सभासदों का हुआ है निर्विरोध चुनाव, सीएम ने कही बड़ी बात

योगी आदित्यनाथ से मिली रबूपुरा नगर पंचायत : अध्यक्ष और सारे सभासदों का हुआ है निर्विरोध चुनाव, सीएम ने कही बड़ी बात

अध्यक्ष और सारे सभासदों का हुआ है निर्विरोध चुनाव, सीएम ने कही बड़ी बात

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ से मिली रबूपुरा नगर पंचायत

- सीएम ने कहा, "पूरे प्रदेश के लिए मॉडल बनेगी रबूपुरा नगर पंचायत"
- देश में सबसे ज्यादा विकसित होगा जेवर, भविष्य को उज्ज्वल करेगा
- यूपी में गुंडाराज चरम पर था, आज यूपी विकास का मॉडल बना गया
- रबूपुरा में सीएसआर फंड के माध्यम से कराए जाएंगे विकास कार्य

 

Lucknow News : गौतमबुद्ध नगर की रबूपुरा नगर पंचायत पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मॉडल बनेगी। जेवर क्षेत्र देश में सबसे ज्यादा विकसित होगा। आज वहां हो रहा विकास भविष्य को उज्ज्वल करेगा। छह साल पहले तक यूपी में गुंडाराज चरम पर था। आज यूपी विकास का मॉडल बना गया है। रबूपुरा में सीएसआर फंड के माध्यम से कराए विकास कार्य करवाए जाएंगे। शुक्रवार को यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रबूपुरा नगर पंचायत के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान कही। आपको बता दें कि रबूपुरा नगर पंचायत के अध्यक्ष और सारे सभासदों का निर्विरोध चुनाव हुआ है। मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष और सभी सभासदों से जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के साथ लखनऊ लोकभवन स्थित अपने कार्यालय में मुलाकात की। 

धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष शशांक सिंह और सभी सभासदों को बधाई दी। सीएम ने कहा, "निकाय चुनाव में नगर पंचायत रबूपुरा और आपने पूरे प्रदेश में एक मिसाल कायम की है। नगर पंचायत रबूपुरा को मॉडल बनाने के लिए सीएसआर फंड के माध्यम से विकास कार्य कराए जाएंगे। आज आपकी नगर पंचायत रबूपुरा के पास एशिया का सबसे बड़ा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मेडिकल डिवाइस पार्क और फिल्म सिटी जैसी अतिमहत्वपूर्ण योजनाओं पर काम चल रहा है। उत्तर प्रदेश 6 वर्ष पूर्व अपराध के नाम से विख्यात था। आज प्रदेश विकास के मॉडल के रूप में जाना जाता है।"

इस मौके पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार और धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, "यह सब आपके नेतृत्व में पूरे प्रदेश में हो रहे विकास के कारण संभव हो पाया है। आज अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर जनता का विश्वास कायम है।" इस मौके पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, नगर पंचायत रबूपुरा के अध्यक्ष शशांक सिंह, भाजपा नेता नीरज गोयल ने मुख्यमंत्री को दरी भेंट की। यह दरी कस्बा जेवर में रहने वाले बुनकर मोहम्मद आजम खान ने हाथ से तैयार की है।

इस मौके पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष शशांक सिंह, सभासद संजू, रोहित सिंघल, धीरज शर्मा, प्रेम कुमार, कुलदीप शर्मा, राकेश मीणा, पूजा देवी, शारदा देवी, शहनाज, पूनम तोमर, अनु तायल और साबिया भी मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.