अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ रौनीजा के ग्रामीणों ने दी शिकायत, जबरन गांवों में घुसकर दहशत फैलाने का आरोप

जेवर विधानसभा चुनाव : अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ रौनीजा के ग्रामीणों ने दी शिकायत, जबरन गांवों में घुसकर दहशत फैलाने का आरोप

अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ रौनीजा के ग्रामीणों ने दी शिकायत, जबरन गांवों में घुसकर दहशत फैलाने का आरोप

Tricity Today | अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ रौनीजा के ग्रामीणों ने दी शिकायत

Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर की जेवर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ रोनीजा गांव के निवासियों ने पुलिस से शिकायत की है। आपको बता दें कि शुक्रवार को रोनीजा गांव में प्रचार करने पहुंचे अवतार सिंह भड़ाना के साथ ग्रामीणों की तीखी झड़प हो गई थी। जिसके बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। अब ग्रामीणों ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है, "अवतार सिंह भड़ाना भीड़ लेकर गांव में जबरन घुस रहे हैं। अश्लील गाने बजाकर माहौल खराब करते हैं। खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। जिससे दहशत का माहौल है। गांव में महिलाएं और बहन-बेटियां असहज महसूस कर करती हैं।"

क्या है पूरा मामला
जेवर विधानसभा सीट के रोनीजा गांव के निवासी देव प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा है, "शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे मेरे गांव में स्थित शिव मंदिर के पास कुछ युवक खड़े थे। उसी दौरान वहां पर एक कार (UP13BA9393) आई। इस गाड़ी के पीछे करीब 30-35 और गाड़ियां मौजूद थीं। सबसे आगे चलने वाली गाड़ी काफी तेज रफ्तार और अनियंत्रित थी। उस कार के ड्राइवर ने मेरे गांव के निवासी विशाल पुत्र सुखपाल के ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस हादसे में विशाल बाल-बाल बचा है। यह सब देखकर वहां मौजूद बंटी और राहुल ने विरोध किया।" यवकों ने अवतार सिंह भड़ाना से कहा "यह क्या गुंडागर्दी है। यह हमारे गांव का लड़का है और आपकी गाड़ी से बाल-बाल बचा है। अगर विशाल मर जाता तो क्या होता, ठीक से गाड़ी चलाओ।"

"अवतार भड़ाना के समर्थकों ने दी भद्दी-भद्दी गालियां"
देव प्रकाश का आरोप है कि इतना कहने पर सभी गाड़ियां वहीं रुक गईं और गाड़ियों से सैकड़ों लोग उतरे। इन लोगों के पास हथियार और लाठी डंडे थे। इन लोगों ने हथियारों का हवा में प्रदर्शन किया। जिसके कारण ग्रामवासियों में भय व्याप्त हो गया। इन लोगों ने गांव के लोगों को भद्दी-भद्दी गालियां दीं।

"भाजपा के खिलाफ अशोभनीय नारेबाजी की"
देव प्रकाश ने आरोप लगाते हुए आगे लिखा है, "इस दौरान अवतार भड़ाना के समर्थकों ने जेवर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार और पार्टी नेताओं और भाजपा के खिलाफ अशोभनीय नारेबाजी की। उन्होंने अभद्र टिप्पणी की। इतना ही नहीं अवतार सिंह भड़ाना के समर्थकों ने भारतीय जनता पार्टी के झंडे तक फाड़ दिए। जिससे ग्रामवासी भी भड़क गए और फिर दोनों तरफ से नारेबाजी होने लगी। शोर सुनकर गांव के काफी लोग एकत्रित हो गए, जिन्होंने प्रत्याशी और उनके समर्थन से कहा, "आपको अपना प्रचार शांतिपूर्ण तरीके से करना चाहिए। लड़ाई मत करो और चुनाव आचार संहिता का पालन करो।"

अवतार भड़ाना के साथ थे 120 लोग
देव प्रकाश ने पुलिस को बताया कि इतना सुनने के बाद अवतार सिंह भड़ाना के समर्थक और वह खुद आम जनता पर आगबबूला हो गए। जिसके बाद उन्होंने अपनी कार ग्रामवासियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। जब गांव में भीड़ इकट्ठा हो गई तो अवतार सिंह भड़ाना और उसके समर्थक ग्रामवासियों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। उन्होंने बताया कि अवतार सिंह भड़ाना के साथ एक डीजे साउंड था, उनके साथ आए युवक नाच रहे थे। अवतार सिंह भड़ाना के साथ लगभग 120 अज्ञात व्यक्ति मौजूद थे। इस मामले में पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने चुनाव आयोग से शिकायत की
गांव वालों ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और भारत निर्वाचन आयोग को दी है। ग्रामीणों ने लिखा है कि अवतार सिंह भड़ाना कोरोना संक्रमण काल में भीड़ लेकर गांवों में घुस रहे हैं। इससे गांव में कोरोनावायरस का संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। उनके साथ आने वाले युवकों की भीड़ अश्लील गानों पर डांस करती है। वह गांव में घोड़े और ऊंट लेकर डांस करवा रहे हैं। बाहर से आने वाले लोगों के हाथों में खुलेआम हथियार होते हैं। जिससे गांव वालों में दहशत फैल जाती है। महिलाएं असहज महसूस करती हैं। इस तरह के चुनाव प्रचार की समीक्षा की जानी चाहिए। इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल पाबंदी लगाई जाए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.