समाजवादी पार्टी ने इंद्र प्रधान को गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया, 15 दिन में नई कार्यकारिणी गठित होगी

BREAKING: समाजवादी पार्टी ने इंद्र प्रधान को गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया, 15 दिन में नई कार्यकारिणी गठित होगी

समाजवादी पार्टी ने इंद्र प्रधान को गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया, 15 दिन में नई कार्यकारिणी गठित होगी

Tricity Today | राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नवनियुक्त जिलाध्यक्ष इंद्र प्रधान

  • इंद्र प्रधान करीब 20 सालों से समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं
  • 2007 में उन्हें दादरी ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया था
  • 2014 में उन्होंने मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड में प्रदेश सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली
  • 2018 में कैराना लोकसभा उपचुनाव में उन्हें सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी
Gautam Buddh Nagar: समाजवादी पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर में नए जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। दादरी क्षेत्र के पल्ला गांव के रहने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता इंद्र प्रधान को नया जिला अध्यक्ष बनाया गया है। यूपी पंचायत चुनाव के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। उसके बाद से ही नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें चल रही थीं। पार्टी के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

उनकी तरफ से कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से इंद्र प्रधान को जिला अध्यक्ष नामित किया गया है। साथ ही उन्हें नई कार्यकारिणी गठित करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि वह जनपद के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक व पूर्व विधायक समेत वरिष्ठ नेताओं से परामर्श लेंगे और जिला कार्यकारिणी गठित कर प्रस्तावित कमेटी अनुमोदन के लिए 15 दिन के अंदर प्रदेश कार्यालय में भेजेंगे। इंदर प्रधान लंबे वक्त से समाजवादी पार्टी का हिस्सा रहे हैं। उनकी बेदाग छवि की वजह से वह जिला पदाधिकारियों की पहली पंक्ति में जाने जाते हैं।

20 साल से जुड़े हैं
इंद्र प्रधान करीब 20 सालों से समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। समय-समय पर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई। जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक उन्होंने कई अहम पदों पर पार्टी की सेवा की है। 2007 में उन्हें दादरी ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया था। इसके अगले साल 2008 में उन्हें दादरी विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था। 2010 में उन्हें समाजवादी युवजन सभा उत्तर प्रदेश का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया था। 2014 में उन्होंने मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड में प्रदेश सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली। अगले साल 2015 में उन्हें फिर से समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव का दायित्व सौंपा गया था। 

सक्रिय जिम्मेदारी निभाई
इंद्र प्रधान मूलतः दादरी ब्लॉक के पल्ला गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने स्नातक की डिग्री हासिल की है। समाजवादी पार्टी के 2014 और 2017 में चलाए गए सदस्यता अभियान में उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई थी। इसके अलावा पार्टी द्वारा आयोजित सभी राष्ट्रीय सम्मेलनों में लगातार हिस्सा लेते रहे। यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान 2007, 2012, 2017 और 2009, 2014, 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान बूथ प्रभारी और सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली थी। 2018 में कैराना लोकसभा उपचुनाव में उन्हें सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। वहां समाजवादी के प्रत्याशी को विजय मिली थी।

विधानसभा चुनाव में दिखाएंगे दम
इंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव समेत गौतमबुद्ध नगर के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का धन्यवाद दिया। कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं के सहयोग से दादरी और जेवर विधानसभा पर समाजवादी पार्टी जमकर चुनाव लड़ेगी। जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी नई रणनीति बनाकर सत्तारूढ़ पार्टी को बाहर दिखाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी युवा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ जनों को साथ लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेगी। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाएगा। जिले के सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नए जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं दी हैं।

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जगबीर नम्बरदार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के लिए जो काम किया है, वह साफ दिख रहा है। अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में युवाओं को जिला अध्यक्ष बना रहे हैं। जिसका नतीजा आने वाले विधानसभा चुनाव 2022 में दिखेगा। उन्होंने बताया कि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी से परेशान हो चुकी है। लगातार बढ़ रही महंगाई और किसानों की नाराजगी मोदी सरकार को भारी पड़ेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.