गौतमबुद्ध नगर के सपा नेता ने राष्ट्रपति को लिखा खत, कहा- नेताजी को भारत रत्न घोषित कीजिए

Mulayam Singh Yadav : गौतमबुद्ध नगर के सपा नेता ने राष्ट्रपति को लिखा खत, कहा- नेताजी को भारत रत्न घोषित कीजिए

गौतमबुद्ध नगर के सपा नेता ने राष्ट्रपति को लिखा खत, कहा- नेताजी को भारत रत्न घोषित कीजिए

Google Image | Shyam Singh Bhati

Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर में समाजवादी पार्टी के नेता एडवोकेट श्याम सिंह भाटी ने राष्ट्रपति को खत लिखा है। श्याम सिंह ने कहा है कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का जीवन पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के उत्थान का प्रतीक है। एक मामूली किसान परिवार से उठकर उन्होंने देश की राजनीति को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। उनका व्यक्तित्व अविस्मरणीय है। श्याम सिंह भाटी ने मुलायम सिंह यादव को भारत रत्न घोषित करने की मांग की है।

"नेताजी का जीवन गरीब और पिछड़ों को समर्पित रहा"
श्याम सिंह भाटी ने राष्ट्रपति को लिखा, "बीते सोमवार को समाजवाद के एक स्वर्णिम अध्याय का समापन हो गया। देश ने अपने सबसे प्रिय नेता मुलायम सिंह यादव को खो दिया है। देश का एक ऐसा नेता जिसका जीवन ही संघर्ष का दूसरा नाम है। एक ऐसा व्यक्तित्व जिसने सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी है। अपना सर्वस्व राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया। उत्तर प्रदेश के छोटे से गांव सैफई के एक पिछड़े परिवार में जन्म लेने वाले नेताजी लगभग 60 वर्षों तक देश की राजनीति का केंद्र बिंदु बने रहे। यह सही मायनों में भारतीय राजनीति का अक्षयकोष है।" श्याम सिंह ने आगे लिखा है, "वह 8 बार विधायक, 7 बार सांसद, तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और एक बार भारत के रक्षामंत्री रहे। नेताजी ने कभी जमीनी राजनीति नहीं छोड़ी। वह सही मायनों में गरीबों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के बड़े पैरोकार थे।"

मुलायम सिंह यादव को तत्काल भारत रत्न देने की घोषणा हो
श्याम सिंह ने लिखा, "मुलायम सिंह यादव ने आजीवन किसान, गरीब, मजदूर, छात्रों और नौजवानों के कल्याण की राजनीति की है। समाज के जिस व्यक्ति और शोषित वर्ग के लिए नेताजी ने संघर्ष किया।" उन्होंने राष्ट्रपति को कहा है कि उस वर्ग और समाज की पीड़ा आप से बेहतर कौन समझ सकता है। नेताजी ने आजीवन एक ऐसे सक्षम समाज के निर्माण के लिए संघर्ष किया, जहां सभी को बराबरी का मौका मिल सके। एक ऐसा समाज जहां गांव-शहर, हिंदू-मुसलमान, अगड़ा और पिछड़ा सभी को एक सूत्र में बांधकर एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकें। आज नेताजी के गोलोकगमन से पूरा देश शोकाकुल है। सभी समाज में निराशा का एक भाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में उनके करोड़ों चाहने वाले लोगों और समाजवादी विचारधारा के हर व्यक्ति की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नेताजी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की घोषणा की जानी चाहिए।

धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव राजनीति का वह नाम हैं, जो भारत रत्न की शोभा बढ़ाने का काम करेगा। यह फैसला हर उस व्यक्ति को संतोष देगा जो सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक शोषण के विरुद्ध एक निर्भीक आवाज है। शायद भारत के किसी कोने में एक और निर्भीक आवाज गूंजे, जिसे देश का हर व्यक्ति नेताजी कह कर बुलाए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.