ग्रेटर नोएडा में बोले समाजवादी पार्टी के सांसद- इस बार यूपी में बहुमत की सरकार बनाएगी सपा, बताईं वजहें

UP Vidhansabha Chunav 2022 : ग्रेटर नोएडा में बोले समाजवादी पार्टी के सांसद- इस बार यूपी में बहुमत की सरकार बनाएगी सपा, बताईं वजहें

ग्रेटर नोएडा में बोले समाजवादी पार्टी के सांसद- इस बार यूपी में बहुमत की सरकार बनाएगी सपा, बताईं वजहें

Tricity Today | राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद

Greater Noida : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। पार्टी के वरिष्ठ नेता,  सांसद और पदाधिकारी जनसंदेश यात्रा के तहत पूरे प्रदेश के दौरे पर हैं। खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 अक्टूबर से विजय यात्रा शुरू करेंगे और हमीरपुर में इसका अंत करेंगे। इसी क्रम में आज पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद और पार्टी से पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता संजीव त्यागी के निवास पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया था।

इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। मीडिया से बात करते हुए राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने कहा, जनता मन बना चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी को प्रदेश में सरकार बनाने का मौका देगी। भाजपा अपने हर वादे पर फेल साबित हुई है। राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय तक के हर मसले पर भारतीय जनता पार्टी असफल रही है। काला धन वापस लाने, नोटबंदी, एक सिर के बदले 10 सिर काटने के वादे कर पार्टी ने देश की जनता को गुमराह किया। पर मतदाता जागरूक है। इस बार झांसे में नहीं आएगा

उन्होंने आगे कहा, समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रदेश में अभियान चलाया है। हम हर मतदाता तक पहुंचेंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि जनसंदेश यात्रा के तहत पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। लोगों को भारतीय जनता पार्टी के दमनकारी शासन और किसानों की कातिल सरकार के बारे में बताया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 अक्टूबर से विजय यात्रा शुरू करेंगे। समाजवादी पार्टी को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। विपक्षी इससे बौखलाहट में है।

उन्होंने बताया कि जनसंदेश यात्रा यूपी वेस्ट के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, संभाल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर से होते हुए मुजफ्फरनगर पहुंचेगी। जहां 18 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुढाना में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनता ने तानाशाही भाजपा सरकार को हटाने का मन बनाया है। सपा इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। इस मौके पर हुसैन अली, विनय शर्मा, प्रमोद यादव, अक्षय भाटी और सुनील भाटी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.