सीनियर जर्नलिस्ट शेष नारायण सिंह का ग्रेटर नोएडा जिम्स में निधन, कोरोना संक्रमण हो गया था

दुःखद : सीनियर जर्नलिस्ट शेष नारायण सिंह का ग्रेटर नोएडा जिम्स में निधन, कोरोना संक्रमण हो गया था

सीनियर जर्नलिस्ट शेष नारायण सिंह का ग्रेटर नोएडा जिम्स में निधन, कोरोना संक्रमण हो गया था

Tricity Today | सीनियर जर्नलिस्ट शेष नारायण सिंह

सीनियर जर्नलिस्ट शेष नारायण सिंह का शुक्रवार की सुबह ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS Greater Noida) में निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। कई दिन पहले शेष नारायण सिंह कोरोनावायरस की चपेट में आ गए थे। संक्रमण के बाद उपचार के लिए उन्हें जिम्स में भर्ती करवाया गया था। शेष नारायण सिंह के निधन पर नोएडा मीडिया क्लब और ग्रेटर का प्रेस क्लब ने शोक जाहिर किया है।

शेष नारायण सिंह करीब 75 वर्ष के थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जिले के लमहुआ के रहने वाले थे। उनके छोटे भाई फौजदार सिंह सुल्तानपुर में ही रहते हैं और खेतीबाड़ी करते हैं। करीब 4 दशक लंबे पत्रकारिता करियर में शेष नारायण सिंह ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं। उन्होंने एनडीटीवी इंडिया और न्यूज़ नेशन जैसे देश के शीर्ष न्यूज़ चैनल्स की मौजूदा टीम को प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फिलहाल देशबंधु के पॉलिटिकल एडिटर थे। जागरण इंस्टिट्यूट में कई वर्षों तक बतौर प्रोफेसर अध्यापन किया। 

शेष नारायण सिंह ने जब देखा कि पत्रकारिता के छात्रों को अच्छी नौकरियां नहीं मिल रही हैं तो दुखी होकर अध्यापन कार्य छोड़ दिया था। राष्ट्रीय सहारा समेत देश के कई सिर्फ समाचार पत्रों में बतौर संपादक कार्यरत रहे। हाल ही में वह टीवी-18 के साथ बंगाल चुनाव की कवरेज करने गए थे। वहां से वापस लौटकर आए तो कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए। जिसके बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था। उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः शुक्रवार तड़के उनका निधन हो गया। 

नोएडा मीडिया क्लब के महासचिव विनोद राजपूत की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है, "शेष नारायण सिंह जी का निधन पत्रकारिता जगत और हमारी संस्था के लिए अपूरणीय क्षति है। वह हमारे लिए अभिभावक, मार्गदर्शक और पिता समान थे। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब की मौजूदा कार्यकारिणी के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। वह समय-समय पर विशेष सुझाव संस्था को देते रहते थे। पत्रकारों की एकता और अधिकारों के लिए बेहद सजग थे। उनका सपना था कि नोएडा में देश का सबसे अच्छा मीडिया क्लब स्थापित होना चाहिए।"

शेष नारायण सिंह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ कर गए हैं। परिवार में उनकी धर्मपत्नी, बेटा और दो बेटियां हैं। शेष नारायण सिंह जी के पुत्र मुंबई में एक प्राइवेट बैंक के वाइस प्रेसिडेंट हैं। बहु मुंबई में ही प्रोफेसर हैं। बड़ी बेटी एचसीएल स्कूल नोएडा में अध्यापिका हैं। छोटी बेटी ने हार्वर्ड से पढ़ाई की है और अभी बंगलुरु आईआईएम में कार्यरत हैं।

 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.