योगी कैबिनेट ने मंजूरी दी, पीके गुप्ता ने सीएम को धन्यवाद दिया

आगरा में भी शारदा विश्वविद्यालय स्थापित होगा : योगी कैबिनेट ने मंजूरी दी, पीके गुप्ता ने सीएम को धन्यवाद दिया

योगी कैबिनेट ने मंजूरी दी, पीके गुप्ता ने सीएम को धन्यवाद दिया

Tricity Today | पीके गुप्ता

Agara News : आगरा शहर के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में शारदा विश्वविद्यालय (Sharda University) को आगरा में नया कैंपस स्थापित करने की मंजूरी दी है। विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए प्रायोजक संस्था की ओर से आवेदन किया गया था। जिस पर कैबिनेट में आशय पत्र जारी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। उत्तर प्रदेश में शारदा विश्वविद्यालय का यह दूसरा कैंपस होगा। शुक्रवार को राज्य सरकार की और से यह जानकारी दी गयी है। विश्वविद्यालय के संस्थापक और कुलाधिपति डॉ.पीके गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को धन्यवाद दिया है।

पहले कुलपति और फिर मुख्य सचिव की समिति ने दी सहमति
राज्य सरकार की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक मंत्रिपरिषद ने आगरा में शारदा विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए उसकी प्रायोजक संस्था श्री आनन्दस्वरूप एजुकेशनल ट्रस्ट को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 की धारा-6 के प्राविधानों के अन्तर्गत आशय-पत्र निर्गत करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। सरकार की ओर से आगे बताया गया है कि उत्तर प्रदेश में निजी क्षेत्र के अन्तर्गत विश्वविद्यालय की स्थापना करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग में प्राप्त प्रस्ताव का परीक्षण होता है। इसके लिए किसी राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति की अध्यक्षता में गठित की गई समिति शासन को निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करती है। समिति की रिपोर्ट मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने 2 फरवरी 2023 को बैठक करके विचार किया। उच्च स्तरीय समिति की संस्तुति के आधार पर शुक्रवार को कैबिनेट ने यह स्वीकृति प्रदान की है। शारदा विश्वविद्यालय की प्रायोजक संस्था श्री आनन्दस्वरूप एजुकेशनल ट्रस्ट ने आगरा में 12.5 एकड़ से अधिक भूमि क्रय की है। इस जमीन पर यह यूनिवर्सिटी स्थापित होगी।

योगी आदित्यनाथ में उत्तर प्रदेश का परिवेश बदला : पीके गुप्ता
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ.पीके गुप्ता ने कहा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य का परिवेश बदल दिया है। अब यूपी तेजी से तरक्की कर रहा है। देश के अग्रणी राज्यों में गिनती होने लगी है। राज्य की कानून-व्यवस्था में अमूल चूल बदलाव देखने के लिए मिला है। जिसकी बदौलत उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी यूपी के तरफ चले आ रहे हैं। राज्य का शैक्षणिक परिवेश भी तेजी से बदल रहा है। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभारी हूं। उन्होंने हमारे ऊपर भरोसा किया है और आगरा में शारदा यूनिवर्सिटी स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया है। हम राज्य के शैक्षणिक परिवेश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।"

यह शारदा समूह का तीसरा विश्वविद्यालय बनेगा
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा का शारदा विश्वविद्यालय उत्तर भारत के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल है। शारदा यूनिवर्सिटी में 50 से ज्यादा देशों के हजारों छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। शारदा विश्वविद्यालय का एक कैंपस उज्बेकिस्तान में स्थापित किया गया है। अफ्रीका के कई देशों में शारदा विश्वविद्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बाद आगरा में विश्वविद्यालय दूसरा परिसर होगा। यह समूह का तीसरा विश्वविद्यालय होगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.