ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सहायक प्रबंधक का बेटा बना आईपीएस, बहू जज है

UPSC Results 2023 : ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सहायक प्रबंधक का बेटा बना आईपीएस, बहू जज है

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सहायक प्रबंधक का बेटा बना आईपीएस, बहू जज है

Tricity Today | कुश मिश्रा और नीलमणि मिश्रा

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक पीपी मिश्रा के बेटे कुश मिश्रा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC Result) की प्रतिष्ठित परीक्षा में कामयाबी हासिल की है। कुश मिश्रा ने पिछले साल UP PCS में क्वालीफाई किया था। प्रशिक्षण पूरा करके हाल ही में उन्होंने उत्तर प्रदेश प्रादेशिक सेवा ज्वाइन की थी। अब मंगलवार को लोक सेवा आयोग ने इंडियन सिविल सर्विसेज़ एग्ज़ाम (ICS) का परिणाम घोषित किया है। जिसमें कुश मिश्रा को 182वीं रैंक मिली है। उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हो गया है।

पीपी मिश्रा ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा दो में रहते हैं। उनके जुड़वां बेटे लव और कुश हैं। दोनों लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। इसी सिलसिले में कुश मिश्रा ने पिछले साल उत्तर प्रदेश प्रादेशिक सेवा में कामयाबी हासिल की थी। ट्रेनिंग करने के बाद उन्होंने हाल ही में जॉइनिंग की ही। दोनों भाइयों ने यूपीएससी की आईसीएस परीक्षा दी। कुश मिश्रा ने प्री-एग्जाम और मेंस के बाद इंटरव्यू में भाग लिया। उनका परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया है।

कुश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा के समरविले स्कूल से दसवीं की। इसके बाद दिल्ली के सेंट्रल स्कूल से बारहवीं पास की थी। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के सर्वोत्तम इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की। इसके बाद सिविल सेवा में जाने का मन बना लिया। पहले उत्तर प्रदेश प्रादेशिक सिविल सेवा पास की। अब उन्हें बतौर आईपीएस कामयाबी मिल गई है।

कुश मिश्रा की पत्नी नीलमणि मिश्रा दिल्ली में जज हैं। उन्होंने पिछले साल पहले दिल्ली पीसीएस (जे) में कामयाबी हासिल की थी। जुड़वा भाई लव मिश्रा की पत्नी मालविका मिश्रा आर्कियोलॉजी में पीएचडी कर रही हैं। बेटे की कामयाबी पर सहायक प्रबंधक पीपी मिश्रा का कहना है, "दोनों बेटे बेहद मेहनती हैं। कुश को उसकी मंजिल मिल गई है। शुरू से उसका सपना सिविल सर्विसेज में जाना रहा है। यह उसका चौथा प्रयास था। लव लगातार प्रयासरत है। मुझे पूरा भरोसा है कि अगले साल वह भी सिविल सेवा परीक्षा पास कर लेगा। लव भी पढ़ने में मेधावी है। कुछ शुरू से आईपीएस अफसर बनना चाहता था।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.