ग्रेटर नोएडा में सम्राट मिहिर भोज की विशाल प्रतिमा स्थापित करेगी सपा, जानें क्या है पार्टी का मंसूबा 

BREAKING : ग्रेटर नोएडा में सम्राट मिहिर भोज की विशाल प्रतिमा स्थापित करेगी सपा, जानें क्या है पार्टी का मंसूबा 

ग्रेटर नोएडा में सम्राट मिहिर भोज की विशाल प्रतिमा स्थापित करेगी सपा, जानें क्या है पार्टी का मंसूबा 

Google Image | सम्राट मिहिर भोज

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में सम्राट मिहिर भोज को लेकर राजपूत और गुर्जर समाज में छिड़े घमासान का लाभ अब दूसरी पार्टियां भी लेने में जुट गई हैं। समाजवादी पार्टी ने ऐलान किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव-2022 में जीत के बाद पार्टी ग्रेटर नोएडा में गुर्जर प्रतिहार शासक मिहिर भोज की भव्य प्रतिमा स्थापित कराएगी। दरअसल इस ऐलान से समाजवादी पार्टी गौतमबुद्ध नगर समेत प्रदेश में गुर्जर बहुल सभी सीटों पर बढ़त हासिल करने की जुगत में है।

बताते चलें कि ग्रेटर नोएडा के दादरी में 22 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुर्जर प्रतिहार शासक मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण किया था। अनावरण कार्यक्रम से पहले और बाद में प्रतिमा शिलालेख से गुर्जर हटाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। दादरी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक तेजपाल नागर पर गंभीर आरोप लगे। गुर्जर समुदाय ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दरअसल गुर्जरों का कहना है कि मिहिर भोज उनके पूर्वज थे, जबकि राजपूत समुदाय खुद को हिंदू शासक का वंशज बता रहा है। इसको लेकर दोनों समुदायों में ठनी हुई है। गौतमबुद्ध नगर के गुर्जर संगठनों और लोगों ने 26 सितंबर को दादरी में महापंचायत बुलाई है। हालांकि नोएडा पुलिस ने कहा है कि इसके लिए अनुमति नहीं दी गई है। यह महापंचायत गैरकानूनी मानी जाएगी।

स्थानीय नेताओं ने छल किया
ट्राईसिटी टुडे से बातचीत में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा, भाजपा विभाजन की राजनीति कर रही है। यह गुर्जर समाज की अस्मिता का सवाल है। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के बाद समाजवादी पार्टी ग्रेटर नोएडा में गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की भव्य प्रतिमा स्थापित करेगी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार और स्थानीय नेताओं ने गुर्जर समुदाय के साथ छल किया है। समाजवादी पार्टी गुर्जरों की पहचान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। सपा की सरकार बनने के बाद गौतमबुद्ध नगर के गुर्जर समुदाय को बड़ी सौगात दी जाएगी।

शासन की साजिश है 
26 जनवरी को होने वाली महापंचायत की अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने शासन पर सवाल उठाए। राजकुमार भाटी ने कहा कि राज्य सरकार अपने खिलाफ कोई आवाज सुनने को तैयार नहीं है। इसीलिए लोगों को लोकतांत्रिक ढंग से विरोध भी नहीं करने दिया जा रहा है। नोएडा पुलिस शासन के इशारे पर विपक्षी दलों, किसानों और आम नागरिकों का शोषण कर रही है। हालांकि सपा के कार्यकर्ता सरकार की दमनकारी नीतियों से डरने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र को बचाना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए हर जुल्म सहेंगे। 

चुनाव में मिलेगी सजा
उन्होंने कहा, गुर्जर समुदाय रविवार को महापंचायत आयोजित करेगा। अगर नोएडा पुलिस कार्रवाई करना चाहती है, तो करे। लेकिन गुर्जर महापंचायत जरूर करेंगे। साथ ही स्थानीय भाजपा नेताओं को भी सबक सिखाया जाएगा। इन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए गुर्जर समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। जिले में अब तक राजपूत और गुर्जर समुदाय मिलजुल कर रहते थे। लेकिन विभाजनकारी राजनीति करने वाली भाजपा ने यहां भी बंटवारे के बीज बो दिए। इसका खामियाजा सत्ता को आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। गौतमबुद्ध नगर की जनता तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा को हार का मुंह दिखाइएगी। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और सभी समुदाय के लोगों की भावनाओं का ख्याल रखा जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.