ऐश्वर्या लक्ष्मी की पूरे यूपी में खास पहल, रोजाना 90 हजार बच्चों को पढ़ाया जाएगा साइबर क्राइम से बचने का पाठ

गौतमबुद्ध नगर की BSA से स्पेशल बातचीत : ऐश्वर्या लक्ष्मी की पूरे यूपी में खास पहल, रोजाना 90 हजार बच्चों को पढ़ाया जाएगा साइबर क्राइम से बचने का पाठ

ऐश्वर्या लक्ष्मी की पूरे यूपी में खास पहल, रोजाना 90 हजार बच्चों को पढ़ाया जाएगा साइबर क्राइम से बचने का पाठ

Tricity Today | बीएसए ऐश्वर्या लक्ष्मी

Greater Noida/Noida News : बढ़ते साइबर क्राइम को रोकने के लिए गौतमबुद्ध नगर की बीएसए ऐश्वर्या लक्ष्मी ने एक खास पहल की है। आपके पसंदीदा न्यूज वेबपोर्टल ट्राईसिटी टुडे (Tricity Today) ने ऐश्वर्या लक्ष्मी से खास बातचीत की। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम को रोकने और लोगों को जागरूक करने के लिए गौतमबुद्ध नगर के परिषदीय स्कूलों में बच्चों को पाठ पढ़ाया जाएगा। जिले के 501 परिषदीय स्कूलों में करीब 90 हजार बच्चे पढ़ाई करते हैं। इन बच्चों को साइबर क्राइम को लेकर रोजाना पाठ पढ़ाया जाएगा।

"साइबर क्राइम एक बड़ी चुनौती"
बीएसए ऐश्वर्या लक्ष्मी ने कहा, "साइबर क्राइम गौतमबुद्ध नगर के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। रोजाना काफी लाखों की ऑनलाइन ठगी की जाती है। यह एक चिंताजनक विषय है। इसलिए बेसिक शिक्षा विभाग ने यह बड़ा फैसला लिया है। बच्चों को अब साइबर क्राइम के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। रोजाना सुबह प्रार्थना के समय बच्चों को साइबर क्राइम के बारे में जानकारी दी जाएगी।"

"एक भाषा-एक सूत्र" में किया जाएगा जागरूक
ऐश्वर्या लक्ष्मी ने ट्राईसिटी टुडे से बातचीत करते हुए आगे कहा, "गौतमबुद्ध नगर के स्कूलों में रोजाना सुबह "एक भाषा-एक सूत्र" कार्यक्रम होता है। इस कार्यक्रम में बच्चों को बताया जाएगा कि साइबर क्राइम कैसे होता है? इसको कैसे रोका जा सकता है और अपने परिवार के साथ आस-पड़ोस के लोगों को कैसे बचाया जा सकता है। साइबर क्राइम ना ही केबल आर्थिक नुकसान देता है, बल्कि मानसिक तौर पर भी व्यक्ति को प्रताड़ित करता है।"

अभिभावकों को भी जागरूक करेंगे सरकारी टीचर
उन्होंने बताया, "गौतमबुद्ध नगर के 501 परिषदीय स्कूलों में करीब 90,000 लड़के और लड़कियां शिक्षा ग्रहण करते हैं। अगर हमारा अभियान कामयाब हुआ तो ये 90,000 बच्चे अपने अभिभावकों के साथ आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करेंगे। जिससे यह गंभीर और चिंताजनक अपराध कम हो जाएगा। हम प्रयास करेंगे कि अभिभावकों को भी स्कूल में बुलाकर उनको साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया जाए।"

"मलेरिया, डेंगू और साफ सफाई के प्रति जागरूक किया जाता है"
ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया, "बच्चों को "एक भाषा-एक सूत्र" कार्यक्रम के तहत बीमारियों के प्रति भी जागरूक किया जाता है। आजकल नोएडा शहर में आंखों में परेशानियों की समस्या बढ़ती जा रही है। आज के समय में 10 में से 2 लोगों की आंखों में समस्याएं हो रही है। इसको रोकने के लिए क्या किया जाना चाहिए? इसको लेकर भी जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा मलेरिया, डेंगू और अपने आसपास साफ सफाई को लेकर भी जागरूक किया जाता है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.